भीषण गर्मी के चलते बदला सरकारी और प्राइवेट स्कूलों का समय

Written by

in

जयपुर: देश भर में गर्मी बढ़ रही है। हीटवेव के चलते लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। स्कूली बच्चों को हीट वेव से राहत देने के लिए प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। मिली जानकारी के अनुसार जयपुर, नागौर और बीकानेर के जिला कलेक्टरों ने बच्चों को बड़ी राहत देते हुए स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। ये आदेश सभी सरकारी स्कूलों के साथ निजी स्कूलों पर भी लागू होंगे।

गर्मी के दिनों में स्कूलों का समय सुबह 7:30 बजे से लेकर दोपहर 1:00 बजे तक का होता है। अब गर्मी और हीट वेव को देखते हुए स्कूल जाने के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया लेकिन छुट्टी का समय बदल दिया गया है। छुट्टी दोपहर 1:00 बजे के बजाय सुबह 11:30 ही करनी होगी। बीते दिनों बाड़मेर और जैसलमेर में भी प्री प्राइमरी से लेकर 8वीं कक्षा तक के बच्चों की छुट्टी 11:30 बजे करने के आदेश जारी किए थे। अब जयपुर में भी 8वीं तक के बच्चों के लिए स्कूलों में 11:30 बजे छुट्टी करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। उधर बीकानेर में 11 बजे ही छुट्टी करने के आदेश जारी किए गए हैं।

उत्तरी दिशाओं से चल रही हवाओं के कारण बीते दो दिन से कई जिलों के तापमान में गिरावट आई है लेकिन दो दिन बाद फिर से भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 23 और 24 अप्रैल को प्रदेश के अधिकतर जिलों का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। वर्तमान में भी कई जिलों में दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से स्कूली बच्चों को राहत प्रदान की गई है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *