सड़क किनारे सो रहे परिवार के 7 लोगों को कार ने कुचला, मां-बेटी की मौत, 5 गंभीर घायल

Written by

in

गोरखपुरः उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां बालापार-टिकरिया रोड पर रघुनाथपुर भगवानपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार चालक ने सड़क के किनारे सो रहे एक ही परिवार के 7 लोगों को रौंद दिया। घटना में मौके पर चीख-पुकार मच गई। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती करवाया। इस घटना में मां-बेटी की मौत हो गई। वहीं 4 साल के बच्चे सहित 5 लोगों का इलाज चल रहा है। दुर्घटना के बाद कार सवार एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो गांववासी उलझ गए। हालांकि पुलिस ने समझा-बुझाकर क्रेन मंगा कार को वहां से चौकी पर पहुंचाया। वहीं गोरखपुर में हुए हादसे का सीएम योगी ने संज्ञान लिया है। सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसी के साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

डॉक्टरों ने जन्नतुन निशा (44) और झीना (16) को मृत घोषित कर दिया है। वहीं, मरियम खान (18), राबिया खातून (23), निहाल (5), जुबैर (17) और सुबराती (16) गम्भीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार बारातियों से भरी हुई थी। इस घटना में एक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं, 3 कार सवार मौके से फरार हो गए।

पुलिस टीम ने लोगों को समझाकर स्थिति को संभाला और क्रेन की मदद से कार को चौकी तक पहुंचाया। वहीं, एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। घायलों का बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच-पड़ताल की जा रही है। एसपी सिटी ने कहा कि एक युवक को हिरासत में लिया गया है, उससे पूछताछ चल रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *