Punjab News: पाक के साथ तनाव के बाद इन चीजों पर लगा पूर्ण प्रतिंबध, आदेश जारी

Written by

in

अमृतसरः भारत के ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान में आतंकियों के 9 जगहों पर मिसाइलें दागी गई। इसके बाद से भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तनाव बढ़ गया है। जिसके बाद पंजाब-चंडीगढ़ एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। वहीं पंजाब में भी सरहदी इलाकों में लोग चिंता में हैं। बुधवार देर रात अमृतसर में 3 जगह पर ब्लास्ट की आवाज सुनाई देने के बाद प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। वहीं डीसी साक्षी साहनी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा अधिनियम, 2023 की धारा 163 के तहत निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए अमृतसर जिले की सीमा के भीतर शादियों, खुशी के समारोहों और धार्मिक त्योहारों के दौरान आम जनता द्वारा बम, पटाखे और चीनी पटाखों सहित आतिशबाजी के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगे। सीमावर्ती जिलों में आज भी स्कूल बंद रहेंगे।

वहीं सीमा पर बढ़ती हलचल को देखते हुए कई गांवों के लोग एहतियात के तौर पर अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने लगे हैं। वहीं मोगा और कपूरथला के जिला मजिस्ट्रेट द्वारा शादी-ब्याह, उत्सव और धार्मिक समारोहों के दौरान किसी भी तरह के पटाखें चलाने पर पाबंदी लगा दी है। इसके लिए अमित कुमार पांचाल, आई.ए.एस., जिला मजिस्ट्रेट कपूरथला ने भारतीय नागरिक सुरक्षा अधिनियम, 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त हुए अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए जिला कपूरथला में शादी आदी समारोह में पटाखें चलाने पर पूरी पाबंदी लगा दी है। उक्त आदेश 5 जुलाई तक लागू होंगे। जानकारी के अनुसार भारत सरकार और पंजाब सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार पंजाब के विभिन्न जिलों में आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए नागरिक सुरक्षा अधिनियम, 1968 के तहत मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है।

फाजिल्का के सीमावर्ती गांव मुहार जमशेर व मनसा के निवासी अपने कीमती सामान और घरेलू उपयोग की वस्तुएं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर गांव से बाहर शिफ्ट कर रहे हैं। लोग अपने पशुधन और आवश्यक वस्तुओं को साथ लेकर निकले हैं। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से अभी तक गांव खाली करने का कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है, लेकिन लोगों ने खुद ही एहतियातन यह कदम उठाना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमा पार से लगातार गतिविधियों में तेजी आई है, जिससे भय का माहौल बना हुआ है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय सीमा पर संदिग्ध हलचल देखी जा रही है। उधर, फाजिल्का जिला प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल बनाकर काम किया जा रहा है। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *