जंगली हाथी के हमले से किसान की मौत, बेटा और भाई बाल-बाल बचा

Written by

in

कोडरमाः जंगली हाथी के हमले से एक किसान की मौत हो गई। जानकारी अनुसार किसान बासुदेव यादव बेटे और भाई के साथ पड़ियाडीह गांव में एक बहुभोज से लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया, जिसके बाद तीनों ने फुट ओवर ब्रिज से पैदल जा रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से निकले एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया।

बेटा और भाई तो किसी तरह जान बचाकर भाग निकले, लेकिन बासुदेव भाग नहीं सके। हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर पटक दिया और कुचल दिया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने हाथी को भगाने की कोशिश की। उन्होंने मशाल जलाकर जानवर को दूर भगाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेजा। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। बासुदेव यादव खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना की सूचना के बाद जयनगर वन प्रक्षेत्र के रेंजर रविन्द्र कुमार मृतक के घर पहुंचे और तत्काल सहायता के रूप में मृतक के बेटे को 25 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *