Himachal News: जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की त्रैमासिक बैठक सम्पन्न

Written by

in

ऊना/ सुशील पंडित: उपायुक्त ऊना जतिन लाल की अध्यक्षता में वीरवार को जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की त्रैमासिक बैठक उनके कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से जुड़ी सेवाओं और सुविधाओं से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए उचित दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान सैनिक कल्याण बोर्ड भवन परिसर में पार्किंग व्यवस्था, गार्ड्स की तैनाती, आवश्यक सामग्री की उपलब्धता तथा सैनिक कल्याण लीग के लिए लैंड आपूर्ति जैसे विषयों पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त भूतपूर्व सैनिकों ने पुराना होशियारपुर रोड से सैनिक कैंटीन ऊना तक आने-जाने के लिए ऑटो रिक्शा का किराया निर्धारित करने की मांग भी रखी। उपायुक्त ने भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वे हमारे लिए सम्माननीय हैं और उनकी सेवा एवं सुविधाओं में सुधार करना प्रशासन की प्राथमिकता है।इस दौरान बैठक में जिला सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक ले. कर्नल (से.नि.) एस.के. कालिया, संयुक्त निदेशक उद्योग अंशुल धीमान, जिला राजस्व अधिकारी अजय कुमार, भूतपूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष, कर्नल दर्शन सिंह, कर्नल जोगिन्द्र पाल, कमांडर कालिदास, कर्नल पराशर और मैनेजर आकाश कैंटीन कमांडर विजय सहित अन्य उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *