गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से आत्मविश्वासी युवाओं की टकसाल बनेंगे राजीव गांधी राजकीय मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन की दिशा में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की दूरदर्शी सोच अब धरातल पर साकार रूप ले रही है। उनकी प्रेरणा और नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूलों की स्थापना कर रही है। आने वाले दिनों में ये अत्याधुनिक संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से आत्मविश्वासी युवाओं की टकसाल सिद्ध होंगे।

इन स्कूलों में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई होगी और इन्हें सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुरूप संचालित किया जाएगा। विद्यालयों में हाई-टेक स्मार्ट क्लासरूम, खेल मैदान, इंडोर स्टेडियम, स्विमिंग पूल, म्यूजिक रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त आधार बनेंगी।

ऊना जिले में प्रगति की रफ्तार तेज
जिला ऊना में उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक अनिल कुमार ने बताया कि जिले के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों ऊना, हरोली, गगरेट, चिंतपूर्णी और कुटलैहड़ में आवश्यक प्रक्रियात्मक औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं और निर्माण कार्य की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। ऊना विधानसभा क्षेत्र में जनकौर हार, हरोली में बढ़ेड़ा, गगरेट में संघनई, चिंतपूर्णी में लडोली तथा कुटलैहड़ के बंगाणा (बोट) को निर्माण स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है। गगरेट विधानसभा क्षेत्र के संघनई में 2.50 करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं और निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है। हरोली के बढ़ेड़ा में भी 1.50 करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं। अन्य स्थलों पर भी जल्द ही निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा।

उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि यह निर्माण कार्य मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की दूरदर्शी सोच के अनुरूप पूरी तत्परता से किया जा रहा है। प्रत्येक विद्यालय 100 कनाल से अधिक भूमि पर निर्मित किया जाएगा, जिसमें शैक्षणिक एवं सह शैक्षणिक गतिविधियों के लिए भरपूर स्थान सुनिश्चित किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों व आमजन ने जताया आभार
सरकार के इस निर्णय से ग्रामीण क्षेत्रों में हर्ष की लहर है। संघनई पंचायत की प्रधान ईशा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने कहा कि इन स्कूलों की स्थापना से ग्रामीण विद्यार्थियों को अब घर के पास ही श्रेष्ठ, प्रतिस्पर्धात्मक और आधुनिक शिक्षा प्राप्त होगी। जिले के तमाम लोगों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की विकास की सोच और प्रयासों की एक स्वर में सराहना करते हुए उनके प्रति आभार जताया है।

बता दें, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा राज्य में शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के संकल्प के रूप में ये आधुनिक स्कूल आकार ले रहे हैं। इनका उद्देश्य केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं, बल्कि छात्रों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातावरण में व्यक्तित्व विकास की संपूर्ण सुविधा उपलब्ध कराना है। यह पहल प्रदेश की भावी पीढ़ी को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *