Punjab News: PGI में Doctor पर हमला, परिजनों ने ICU से बाहर तक घसीटा

Written by

in

चंडीगढ़ः पीजीआई में डॉक्टर से मारपीट का मामला सामने आया है। मामला नियोनेटोलॉजी विभाग का है। नेहरू अस्पताल के नियोनेटोलॉजी विभाग में जूनियर रेजिडेंट डॉ. सिद्धार्थ चक्रवर्ती से परिजनों ने मारपीट की। बच्चे का इलाज करने आए परिजनों ने एनएनएन आईसीयू से बाहर घसीटा और उन्हें कई थप्पड़ मारे। करीब 10 मिनट बाद डॉक्टर सिद्धार्थ बचकर आईसीयू में वापस गए।

डॉक्टर की शिकायत पर सेक्टर- 11 थाना ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दुर्व्यवहार और मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डॉ. पारस कांडपाल ने एक बच्चे को आईवी कैनुला लगाने के लिए डॉ. सिद्धार्थ की मदद मांगी। डॉ. सिद्धार्थ ने कैनुलेशन में उनकी मदद की और चले गए। इसके बाद नर्सिंग ऑफिसर ने डॉ. सिद्धार्थ को बताया कि बच्चे के गले पर चोट के निशान आ गए हैं। डॉ. सिद्धार्थ ने बताया कि इसके बाद बच्चे के परिजनों ने 4-5 रिश्तेदार बुला लिए। दोपहर करीब 12:20 बजे आए रिश्तेदारों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।

मारपीट का पता चलते ही पीजीआई की एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (एआरडी) के प्रतिनिधि तुरंत पीड़ित डॉक्टर के समर्थन में घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद कुछ ही घंटों में एफआईआर दर्ज कर ली गई। एआरडी के अध्यक्ष डॉ. विष्णु जिंजा ने घटना की कड़ी निंदा करते संस्थान में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *