Haryana News: अनियंत्रित होकर खेत में पलटी Roadways बस, 35 यात्री घायल

Written by

in

कैथलः जिले में आज हरियाणा रोडवेज की एक बस पलटने का मामला सामने आया है। इसमें करीब 35 लोग घायल हुए हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि एक ट्रक को साइड देने के चक्कर में बस सड़क से उतर गई और खेत में पलट गई। बताया जा रहा है कि सड़क के नीचे की मिट्‌टी बारिश के कारण ढीली हो गई थी, जिससे बस का पहिया उसमें धंस गया था। इसके बाद पुलिस को हादसे की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी घायलों को कैथल के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है।

लोगों का कहना है कि गांव के बीच सड़क संकरी है। जब सामने से ट्रक आ गया तो बस ने उसे साइड देने की कोशिश की। साइड देने के लिए ड्राइवर ने बस का एक पहिया सड़क से नीचे उतारा। सड़क से उतरते ही ड्राइवर फिर बस को नियंत्रित नहीं कर सका। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार रात को यहां तेज बारिश हुई थी। इस वजह से सड़क के किनारों पर भी मिट्‌टी ढीली हो गई थी। जैसे ही बस का पहिया सड़क से कच्ची मिट्‌टी में उतरा तो वह धंस गया। इससे ड्राइवर बस को कंट्रोल नहीं कर पाया और बस करीब 8 फुट नीचे खेत में पलट गई। बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सवारियों से बस भरी हुई थी। पलटते ही इसके शीशे टूट गए। सभी यात्री बस के अंदर ही एक-दूसरे पर गिर पड़े, जिससे उन्हें काफी चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोग तुरंत भागकर बस के पास पहुंचे। उन्होंने बस के ऊपर चढ़कर यात्रियों को निकालना शुरू किया। पुलिसकर्मी बिरेंद्र सिंह ने बताया है कि सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची थी। इसके बाद मौके पर एम्बुलेंस को बुलाया गया। सभी घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल के लिए रवाना किया गया। बिरेंद्र सिंह के अनुसार, करीब 30-35 यात्रियों को चोटें आई हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *