डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: शहर के चर्चित राइट टू इन्फॉर्मेशन (RTI) एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह पर शनिवार को अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े गोलियां चला दीं। यह घटना लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के लॉ गेट के पास हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने सिमरनजीत सिंह पर अंधाधुंध फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।गंभीर रूप से घायल सिमरनजीत सिंह को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

LPU गेट के पास घात लगाकर बैठे थे हमलावर
जानकारी के मुताबिक, जालंधर के RTI कार्यकर्ता सिमरनजीत सिंह किसी काम से फगवाड़ा गए हुए थे। वह LPU के लॉ गेट के पास मौजूद थे। तभी अचानक वहां कुछ अज्ञात युवक पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पहले से ही घात लगाकर बैठे हुए थे। उन युवकों ने सिमरनजीत सिंह को देखते ही उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
फायरिंग की इस अचानक हुई घटना से यूनिवर्सिटी गेट के आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता या सिमरनजीत सिंह को बचाने की कोशिश करता, हमलावर उन्हें लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो चुके थे। गोली लगने के कारण सिमरनजीत सिंह जमीन पर गिर पड़े और अत्यधिक खून बहने की वजह से वहीं अचेत हो गए।

ज्यादा खून बहने से अचेत हो गए सिमरनजीत सिंह
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत हरकत में आए। सिमरनजीत सिंह को आननफानन एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई है, लेकिन अभी तक आधिकारिक रूप से यह साफ नहीं हो पाया है। सिविल अस्पताल के डॉक्टर और पुलिस अधिकारी इस मामले में अभी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
सिमरनजीत सिंह को गोली लगने के बाद के कुछ फोटो सामने आए हैं, जिनमें सिमरनजीत सिंह जमीन पर पड़े हैं। उनके बाएं हाथ के पास में दो मोबाइल फोन पड़े हैं। वहीं, दाएं हाथ के पास एक पिस्टल पड़ी है। साथ ही एक ईयरपॉड पर भी पड़ा दिख रहा है। इन फोटो को देखकर ही आशंका जताई जा रही है कि सिमरनजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी है।
