Highway पर खड़े ट्रक से Car की जोरदार टक्कर, बर्तन कारोबारी सहित 2 की मौत

Written by

in

उदयपुरः नेशनल हाइवे पर सुबह-सुबह एक कार के ट्रक से टकराने से बर्तन व्यवसायी और चालक की मौत होने का मामला सामने आया है। घटना सुबह करीब साढ़े 5 बजे की बताई जा रही है। हादसे में व्यवसायी की पत्नी बाल-बाल बच गई।

जानकारी देते हुए गोवर्धन विलास थाने के सीआई दिलीप सिंह ने बताया कि आज सुबह उदयपुर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि नेशनल हाइवे पर टीडी-बारापाल के पास पुलिया से पहले अहमदाबाद की तरफ से उदयपुर आ रही एक कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। कार में 3 लोग सवार थे। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस के अनुसार मौके पर कार में सवार गुजरात के नड़ियाद के बर्तन के व्यवसायी ओमप्रकाश मूंदड़ा (70) और कार चालक नड़ियाद निवासी दीपक की मौत हो गई। कार में पीछे बैठी ओमप्रकाश मूंदड़ा की पत्नी कैलाश देवी बाल-बाल बच गई। कैलाश देवी से पुलिस ने जानकारी ली और उसके बाद उदयपुर में रहने वाले उनके दामाद पंकज तोषनीवाल को सूचना दी। बाद में दामाद और उनकी बेटी भी मौके पर पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश मूंदड़ा नड़ियाद से आ रहे थे और वे चित्तौड़गढ़ में एक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। उदयपुर में उनके दामाद पंकज तोषनीवाल ने बताया कि ओमप्रकाश मूल रूप से राजसमंद जिले के कुंवारिया के रहने वाले और वे गुजरात के नडियाद में ही व्यवसाय कर रहे है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव वहां से एमबी अस्पताल पहुंचाए और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *