Smart Meter लगाने पहुंचे JE को महिला ने जड़े थप्पड़, तोड़ा फोन, वीडियो वायरल

Written by

in

झांसीः चंबल के बागी और डकैत पान सिंह तोमर का परिवार फिर सुर्खियों में है। दरअसल, यूपी के झांसी में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे बिजली विभाग के जेई से एक महिला ने मारपीट कर दी। मारपीट करने वाली महिला पान सिंह तोमर की नातिन बताई जा रही है। मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नातिन का नाम सपना बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार सपना ने बिजली विभाग के जेई यानी जूनियर इंजीनियर को पीट दिया। पान सिंह तोमर की पोती सपना ने जेई को एक के बाद एक 7 थप्पड़ जड़े। मारपीट होता देख सपना की मां मौके पर पहुंचीं और उनको पकड़कर घर के अंदर ले गई।

फिलहाल पुलिस ने जेई की शिकायत के आधार पर आरोपी युवती सपना के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही इस मामले की जांच शुरू कर दी है। इस वीडियो में एक गली में बिजली विभाग के कर्मचारी काम करते देखे जा सकते हैं। वीडियो में ये भी देखा जा सकता है कि इसी दौरान एक युवती आकर एक युवक को थप्पड़ मारकर धक्का देती है। वीडियो में वहां मौजूद लोग बीच-बचाव करते देखे जा सकते हैं।

वारयल वीडियो झांसी के बबीना थाना क्षेत्र के पंजाबी कॉलोनी का है। वीडियो में जो युवक पिटता दिख रहा है, वो बिजली विभाग का जेई विभव कुमार रावत है। मामले में जेई विभव कुमार ने बताया कि पंजाबी कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे थे। यहां कुछ परेशानी की जानकरी मिली थी। कॉलोनी में एक कनेक्शन शारदा तोमर के नाम पर है। उनकी इजाजत से मीटर बदला गया। इसी दौरान उनकी बेटी सपना ने बाहर आकर हमसे अभद्रता की और थप्पड़ मारे। हमने शिकायत दर्ज करा दी है।

वहीं बबीना के थानाध्यक्ष तुलसी राम पांडेय ने बताया कि ग्रामीण विद्युत वितरण खंड के जूनियर इंजीनियर विभव कुमार रावत अपनी टीम के साथ पंजाबी कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगा रहे थे। जब टीम ने पूर्व सैनिक शिवराम सिंह तोमर के घर पर मीटर बदलने की कोशिश की तो उनकी बेटी सपना तोमर ने मीटर लगाने का विरोध किया और इंजीनियर के साथ हाथापाई करनी शुरू कर दी। बबीना के थानाध्यक्ष ने बताया कि लड़की के खिलाफ मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *