चुरूडू-लोहारली पुल का चीफ इंजीनियर विजय चौधरी ने किया निरीक्षण, कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा करने के कड़े निर्देश

Written by

in

बोले,पुल निर्माण में ठेकेदार गुणवत्ता का रखें ध्यान,घटिया मैटीरियल और गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं, विजय चौधरी

ऊना/सुशील पंडित: लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के चीफ इंजीनियर विजय चौधरी ने  चुरूडू-लोहारली में निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। यह पुल चार विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाला एक महत्त्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिसका निर्माण लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और कार्य को युद्ध स्तर पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। चीफ इंजीनियर चौधरी ने कहा कि यह पुल क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा और इसके समय पर निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सभी मटीरियल सटीक और मानकों के अनुरूप होने चाहिए।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार प्रदेश के प्रत्येक कोने में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी निर्माण कार्य में घटिया सामग्रियों या तकनीकी त्रुटियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि विभागीय अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करना चाहिए ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही की संभावना न रहे।इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ कार्यवाहक अधिशाषी अभियंता कुलदीप चंद (दौलतपुर) भी मौजूद रहे। उन्होंने चीफ इंजीनियर को पुल के अब तक की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी और आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाएगा।स्थानीय लोगों ने भी चीफ इंजीनियर के निरीक्षण को सराहा और आशा जताई कि पुल का निर्माण जल्द पूरा होगा, जिससे आवागमन में आ रही दिक्कतें समाप्त होंगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *