भीषण सड़क हादसा; दूल्हे समेत 3 की मौत, 4 गंभीर घायल

Written by

in

जैसलमेरः जिले से एक दर्दनाक हादसा होने का मामला सामने आया है। बासनपीर गांव के पास भीषण सड़क हादसे में दूल्हे समेत 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं दुल्हन सहित 4 गंभीर घायल हैं। सभी को 108 की मदद से जवाहिर हॉस्पिटल लाया गया, जहां से गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतक लीलाराम और घायल बसंती की मंगलवार को पोकरण में शादी हुई थी। दोनों की ये दूसरी शादी थी। इस शादी में दोनों के परिवार के सदस्य शामिल हुए। रात को दुल्हन बसंती के रिश्तेदार पुखराज की कार में 7 लोग जैसलमेर के लिए रवाना हुए। गाड़ी में लीलाराम-बसंती (दूल्हा-दुल्हन), मूली देवी (दूल्हे की बहन), अशोक-हेमलता (दुल्हन के भाई-भाभी) व उनका 9 महीने का बेटा हितेश सवार था।

मंगलवार रात करीब 12 बजे के बासनपीर गांव के पास पोकरण से किसी अज्ञात गाड़ी ने तेज टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के आगे का हिस्सा पिचक गया। हादसे में दूल्हे समेत 3 लोगों की मौत हो गई। राह जा रही गाड़ियों ने सदर थाना पुलिस को जानकारी दी। हमने मौके पर जाकर सभी को 108 एम्बुलेंस की मदद से जवाहिर हॉस्पिटल भेजा और अज्ञात गाड़ी की तलाश के साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू की।

सदर थाना पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल जसवंत सिंह ने बताया कि मृतकों में दूल्हा लीलाराम (45) पुत्र गुमानाराम ओड, दूल्हे की बहन मूली देवी (35) पत्नी बाबूराम ओड, हितेश (9 महीना) पुत्र अशोक कुमार ओड निवासी पोकरण शामिल है। वहीं हादसे में अशोक, हेमलता पत्नी अशोक, दुल्हन बसंती (40) व पुखराज गंभीर घायल हो गए। चारों घायलों को जोधपुर रेफर किया गया है।

मृतक लीलाराम व मूली देवी भाई-बहन है, वहीं मृतक 9 महीने का हितेश गंभीर घायल अशोक-हेमलता का बेटा है। अशोक व हेमलता दुल्हन बसंती के भाई-भाभी है और मृतक हितेश दुल्हन का भतीजा था। वहीं घायल पुखराज भी दुल्हन बसंती का रिश्तेदार बताया जा रहा है, जिसकी कार में सभी जैसलमेर आ रहे थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *