Plane Crash से पहले इसी फ्लाइट में आए युवक का दावा, थी तकनीकी गड़बड़ी, देखें वीडियो

Written by

in

अहमदाबादः अहमदाबाद एयरपोर्ट से टेकऑफ के चंद मिनटों बाद ही एयर इंडिया का विमान मेघाणीनगर में क्रैश हो गया। इस घटना में 241 लोगों की मौत हो गई। फिलहाल दुर्घटना की वजह सामने नहीं आ पाई है। इस बीच जो विमान अहमदाबाद में रवाना होने के ठीक बाद क्रैश हुआ है, उसमें दिल्ली से बैठकर एक व्यक्ति अहमदाबाद तक पहुंचा था। इस शख्स ने अपना नाम आकाश वत्स बताया है। उसने दावा किया है कि फ्लाइट के दौरान ही उसने विमान में तकनीकी दिक्कतों को लेकर शिकायत की थी।

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में आकाश वत्स नामक व्यक्ति ने दावा किया कि सफर के दौरान उसने कुछ अजीब चीजें महसूस कीं। उन्होंने कहा, “मैं अहमदाबाद में उतरने से पहले उसी फ्लाइट में दो घंटे तक था। मैं दिल्ली से चढ़ा था।” वत्स ने अपने सफर से जुड़े कुछ वीडियो भी पोस्ट किए हैं। इस शख्स ने कहा कि आसपास के यात्री सीट पॉकेट में रखी मैगजीन को हवा करने के लिए इस्तेमाल कर रहे थे, क्योंकि एसी काम नहीं कर रहे थे। उन्होंने कहा, “फ्लाइट में एसी के साथ टीवी स्क्रीन्स और केबिन क्रू को बुलाने के लिए लगे बटन भी काम नहीं कर रहे थे।”

गौरतलब है कि बोइंग 787 ड्रीमलाइनर एयरक्राफ्ट में सवार 242 यात्रियों में से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, एक कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे। इस विमान के क्रैश होने के जो वीडियो सामने आए हैं, उनमें इसे टेकऑफ के बाद उड़ान भरते और फिर नीचे गिरते देखा जा सकता है। नीचे गिरते ही यह विमान आग के गोले में बदल जाता है। इस विमान के पिछले हिस्से को बाद में मेडिकल छात्रों और डॉक्टरों से जुड़े एक हॉस्टल में घुसा देखा गया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *