Facebook से सुलझी युवक की मौत की गुत्थी, Nude Video के चक्कर में गई जान

Written by

in

बदायूंः जिले के गांव कुंवर निवासी युवक की कुछ दिन पहले गोली लगने से मौत का मामला सामने आया था। इस दौरान परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाया था, लेकिन अब पुलिस ने फेसबुक से युवक की मौत की गुत्थी सुलझा ली है। पुुलिस मुताबिक, युवक ने अपनी एक महिला मित्र से फेसबुक पर वीडियो कॉल करते वक्त खुद को गोली मारी थी। उसने कॉल पर महिला से न्यूड (बिना कपड़ों के) होकर आने की डिमांड की थी। लेकिन, महिला ने मना कर दिया था। इससे आहत होकर उसने सुसाइड कर लिया।

जानकारी देते कुंवर गांव निवासी सतीश चंद्र ने बताया कि 7 जून की रात उनका नाती अमित कुमार पुत्र रजनीश खेत में था। वहां ताराचंद, पप्पू, जाफर के साथ सभी शराब पी रहे थे। रात लगभग 10 बजे ताराचंद उनके घर आया और कहने लगा कि अमित की तबीयत खराब है। खून बह रहा है। सतीश अपने बेटे आशीष और आदेश के साथ खेत पर पहुंचे। अमित के पेट पर मोबाइल और चारपाई पर तमंचा रखा था। अमित की दाहिनी आंख के पास गोली लगने का घाव था। पुलिस मौके पर पहुंची। अमित के पास से मोबाइल, पैंट की एक जेब से एक कारतूस का खोखा व दूसरी जेब में जिंदा कारतूस मिला। साथ ही एक गोली पास में पड़ी मिली, जो अमित कुमार के सिर के पार होकर दीवार से टकराकर चारपाई के पास गिर गई थी।

सतीश की शिकायत पर पुलिस ने ताराचंद, पप्पू और जाफर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू की। हालांकि मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिस इस केस को आत्महत्या ही मान रही थी। पुलिस ने अगले दिन तमंचा बरामद किया। फारेंसिक टीम ने अमित के हैंड स्वैब, खोखा, जिंदा कारतूस, तमंचा फारेंसिक लैब भेजा। जांच के बाद पुलिस ने भी माना कि अमित की हत्या नहीं हुई, बल्कि उसने आत्महत्या की थी।

पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन कोई ऐसा तथ्य नहीं मिला, जिसके जरिए उन पर दोष सिद्ध हो। ऐसे में पुलिस ने अमित की कॉल डिटेल खंगाली तो पता लगा कि घटना वाली रात एक ही नंबर पर उसकी 18 बार बात हुई थी। उस नंबर की कुंडली खंगाली तो वो उन्नाव जिले के फतेहपुर चौरासी गांव निवासी महिला का निकला। पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो सारा सच सामने आ गया।

महिला ने कबूला कि उसने अपने देवर रवि के नाम पर फेसबुक आईडी बनाई थी। तकरीबन सालभर पहले अमित से इसी फेसबुक के जरिए महिला का संपर्क हुआ। बाद में दोनों की फोन कॉल पर बात होने लगी। अमित अक्सर उससे वीडियो कॉलिंग करते वक्त तमंचा व चार कारतूस दिखाता था। साथ ही फोन पर अश्लील बात करने को कहता था। घटना वाली रात कई बार बात हुई और वो हर बार अश्लील तस्वीरें दिखाने की जिद पर अड़ा था। महिला ने यह भी बताया कि अमित ने अपनी बात मनवाने के लिए आत्महत्या की धमकी दी थी। एक बार उसने वीडियो कॉलिंग के दौरान एक फायर भी किया। महिला ने उसे समझाना चाहा। तभी एक और फायर हुआ और कॉल डिस्कनेक्ट हो गई। इसके बाद महिला ने भी उसे कॉल नहीं किया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *