Punjab News: कब्जाधारक और वन विभाग आमने-सामने, कब्जा लिए बगैर वापस लौटी पुलिस, देखें Video

Written by

in

फिरोजपुरः अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ पंजाब सरकार द्वारा चलाई मुहिम तहत प्रशासन द्वारा लगातार कब्जे हटवाए जा रहा है। इसी के चलते फिरोजपुर के शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव की समाधियों के नजदीक वीर एस्टेट जंगल में वन विभाग की 168 एकड़ 5 कनाल और 11 मरले जमीन है, जिसमें समाधियों और कुछ अन्य जमीन को छोड़कर करीब 60 एकड़ जमीन पर लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है, वन विभाग ने इसे छुड़वाने के लिए पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा जिसके बाद पुलिस पार्टी जब मौके पर कब्जा लेने पहुंचा तो कब्जा धारकों ने पुलिस को कब्जा नहीं लेने दिया और पुलिस से कागज दिखाने का टाइम मांगा जिसके बाद प्रशासन को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।

जानकारी मुताबिक, फिरोजपुर में शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव की समाधियों के नजदीक वीर एस्टेट जंगल में अवैध कब्जा हटवाने को लेकर वन विभाग ने फिरोजपुर के डिप्टी कमिश्नर के कार्यालय से अतिक्रमण छुड़वाने के लिए संपर्क किया था। फिरोजपुर के डिप्टी कमिश्नर ने नायब तहसीलदार फिरोजपुर प्रिया रानी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया और एसएसपी फिरोजपुर को पुलिस सहायता देने की पेशकश की।

आज जब वन विभाग के अधिकारी ड्यूटी मैजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस सहायता के साथ मौके पर पहुंचे तो अवैध कब्जाधारियों ने पहले से तय योजना के अनुसार खुद ही सभा बुला ली। इस दौरान लोगों ने खूब हंगामा किया और पुलिस प्रशासन को कब्जा नहीं लेने दिया। लोगों ने आरोप लगाए कि उनका कोर्ट में इस जमीन को लेकर केस चल रहा है। अभी कोर्ट से कोई फैसला नहीं आया है, परन्तु वन विभाग कब्जा लेने पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि हमें कागज दिखाने के लिए समय दिया जाए जिसके बाद लोगों के रोष के चलते प्रशासन को खाली हाथ घर लौटना पड़ा।

इस बारे में जब वन रेंज अधिकारी फिरोजपुर गुरजीत सिंह बराड़ से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वन विभाग अपने कर्मचारियों के साथ कब्जा लेने के लिए पूरी तैयारी में आया था। जमीन के पूरे दस्तावेज वन विभाग के पक्ष में हैं। मालिकाना हक और काश्तकार के बाक्स में वन विभाग का नाम दर्ज है। कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी ड्यूटी मैजिस्ट्रेट और पुलिस प्रशासन की थी। उन्होंने खुद ही निशानदेही में देरी करने का फैसला लिया है।

इस बारे में SHO फिरोजपुर सदर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि गांव वालों की बातों को वन विभाग ने सुना है और गांव वालों को टाइम दिया गया है। आगे की कार्रवाई बाद में की जाएगी। इस अवसर पर सतिंदर सिंह डीएफओ फिरोजपुर, गुरजीत सिंह वन रेंज अधिकारी फिरोजपुर, कुमारी प्रिया रानी नायब तहसीलदार फिरोजपुर, तरसेम शर्मा एसएचओ फिरोजपुर सदर, वतनप्रीत सिंह हल्का कानूनगो और वन विभाग के अधिकारी और पुलिस विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *