पति ने बच्चों और गर्भवती पत्नी को जहर देने के बाद खुद भी पिया, 3 की मौत

Written by

in

कांकेरः जिले में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पिता ने अपने 3 बच्चों को कोल-ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया, जिससे तीनों की मौत हो गई। बाद में गर्भवती पत्नी को पिलाया और खुद भी पी लिया। पति-पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक विवाद और अफेयर के शक में आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी का नाम देवेंद्र बैरागी (40) और उनकी पत्नी नमिता बैरागी (35 वर्ष) है। दोनों गंभीर हालत में सिविल अस्पताल पखांजूर में भर्ती हैं।

देवेंद्र बैरागी शनिवार सुबह कोल-ड्रिंक लेकर आया था, जिसमें पहले से जहर मिलाकर रखा था। कोल्डड्रिंक को पहले अपने बच्चों वर्षा बैरागी (11 वर्ष), दीप्ति बैरागी (7 वर्ष), देवराज बैरागी (5 वर्ष) को पिलाया, फिर पत्नी को और खुद पिया। कोलड्रिंक पीते ही तीनों बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। बच्चों के बेहोश होते ही मां चिल्लाई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ग्रामीणों के मुताबिक चिल्लाने की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचे। इस दौरान तीनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। वहीं माता-पिता भी बेहोश होकर जमीन पर पड़े थे। ग्रामीणों ने फौरन एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। साथ ही आस-पास और महिला के मायके वालों को भी सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी राकेश कुर्रे, एसडीओपी रवि कुजूर और परतापुर थाने की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। मृतकों को मॉर्च्यूरी और घायल पति पत्नी को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पति-पत्नी की हालत नाजुक है। घटना में सबसे दर्दनाक बात यह है कि नमिता बैरागी गर्भवती है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, परिवार पिछले कुछ महीनों से तनाव में था। पड़ोसियों का कहना है कि देवेंद्र और नमिता के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। कुछ ने आर्थिक परेशानी की भी आशंका जताई है, जबकि अन्य इसे संदेहजनक आत्महत्या और हत्या का मामला मान रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *