Punjab News: श्रद्धालुओं की बस पर कार चालकों ने कृपाण से किया हमला, तोड़े शीशे, देखें वीडियो

Written by

in

लुधियानाः जिले के चहलां गांव के पास समराला जा रहे शिव मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की बस पर हमला होने की घटना सामने आई है। जहां कार सवारों ने बस पर हमला कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार दोनों में रास्ता देने को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान दोनों में विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवार युवकों ने कृपाण से बस पर हमला कर दिया। इस घटना में कार चालकों ने बस के शीशे भी तोड़ दिए। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु लुधियाना से करीब 10 से 11 बसों में चहलां के प्राचीन शिव मंदिर दर्शन के लिए आए थे।

बस ड्राइवर पवन कुमार ने बताया कि सर्विस रोड पर वर्ना कार सवारों ने बस को न साइड देने की बात पर पहले गाली-गलौज की। फिर तेजधार हथियारों और कृपाण से हमला कर दिया। हमले में चालक को मामूली चोटें आईं। श्रद्धालुओं को कोई नुकसान नहीं हुआ। समराला पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। डीएसपी तरलोचन सिंह के मुताबिक कुछ ही घंटों में तीन आरोपियों को गाड़ी समेत गिरफ्तार कर लिया गया और कार का नंबर जाली निकला। उन्होंने बताया कि यह घटना धार्मिक विवाद से जुड़ी नहीं है। यह आपसी झगड़े का मामला है। आरोपी समराला और माछीवाड़ा इलाके के रहने वाले हैं।

शिव भक्तों की बस पर हमले के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों की पहचान की है। आरोपियों की पहचान दिलावर सिंह निवासी लोहारिया, मनीष लाल नागपाल निवासी माछीवाड़ा साहिब, गुरप्रीत सिंह गोपी निवासी उधोवाल, तेजिंदर सिंह निवासी गोसगढ़, हरजोत सिंह निवासी बोंदल रोड के तौर पर हुई। शिकायतकर्ता चेतन बवेजा के अनुसार, बस के ड्राइवर से 1500 रुपए भी छीने गए हैं। वहीं इन हमलावरों के खिलाफ एक अलग केस भी दर्ज हुआ है। यह केस माछीवाड़ा साहिब में दो मजदूरों से लूटपाट का है। जांच में सामने आया कि माछीवाड़ा साहिब के पवात में पूल में नहा रहे दो मजदूरों चंदन यादव व मोहन राम से इन कार सवारों ने लूटपाट की। हथियारों के बल पर लूटा गया। मजदूरों से नकदी व मोबाइल छीना गया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *