गरीब रथ Express के इंजन में लगी आग, मची अफरा-तफरी

Written by

in

ब्यावरः राजस्थान में गरीब रथ एक्सप्रेस (12216) के इंजन में अचानक आग लगने का मामला सामने आया है। हादसा शनिवार सुबह 3 बजे सेंदड़ा (ब्यावर) रेलवे स्टेशन से गुजरने के दौरान हुआ। आग लगने की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद तुरंत ट्रेन को रोककर पैसेंजर्स को उतारा गया। हादसे की जानकारी तुरंत अजमेर में अधिकारियों को दी गई। वहीं, दूसरी ट्रेनों को कम स्पीड से वहां से निकाला गया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आग संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी। रेलवे प्रवक्ता ने बताया कि किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई। सभी को वैकल्पिक साधनों से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। फिलहाल रेलवे प्रशासन इंजन को हटाकर ट्रैक को साफ कराने और यातायात को सामान्य करने की कोशिश में जुटा है। अधिकारियों के अनुसार रूट पूरी तरह बंद नहीं किया गया था। सुरक्षा की दृष्टि से कुछ ट्रेनों को स्पीड कम करके सेंदड़ा से निकाला गया था।

जानकारी मुताबिक, यह गरीब रथ मुंबई के बांद्रा और दिल्ली के सराय रोहिल्ला जंक्शन के बीच चलती है। रात करीब 11.30 बजे आबू रोड से रवाना होने के बाद सीधा सुबह 3.45 बजे अजमेर पहुंचती है। इस बीच ट्रेन को कोई ऑफिशियल स्टॉप नहीं है। सेंदड़ा स्टेशन से गुजरने के दौरान ट्रेन की स्पीड कम थी। इसलिए लोको पायलट ने जल्दी ही ट्रेन को रोक दिया। गनीमत यह रही कि आग इंजन से डिब्बों की ओर नहीं पहुंची।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *