Punjab News: सुपारी शूटर और पुलिस के बीच चली गोलियां, आतंकवादी का गुर्गा घायल, देखें वीडियो

तरनतारनः पंजाब पुलिस द्वारा लगातार क्राइम की वारदातों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा रहा है। वहीं पुलिस और सुपारी शूटर के बीच रविवार-सोमवार की रात को मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से शूटर घायल हो गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्तौल बरामद की। शूटर की पहचान गुरलाल सिंह निवासी गांव राजोके, तरनतारन के रूप में हुई है।

वह विदेश में छिपे आतंकवादी लखबीर सिंह लंडा, सतनाम सिंह सत्ता और यादविंदर सिंह यादा का साथी है। शूटर अपने साथी गुरबीर सिंह के साथ मिलकर सुपारी लेता था। उन्होंने फिरौती के लिए तीन स्थानों पर दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की थी। शुक्रवार को गुरबीर सिंह को तरनतारन से सीआईए ने गिरफ्तार किया था। जानकारी देते हुए एसएसपी दीपक पारिक ने बताया कि सीआईए स्टाफ को सूचना मिली थी कि एक आरोपी जो विदेश में बैठे आतंकवादी लखबीर सिंह लंडा, सतनाम सिंह सत्ता और यादविंदर सिंह यादा के कहने पर फिरौती मांगने का काम करता है, इलाके में घूम रहा है।

उन्होंने बताया कि एसपी इन्वेस्टिगेशन अजे राज सिंह के नेतृत्व वाली टीम में सीआईए स्टाफ के चार्ज इंस्पेक्टर प्रभजीत सिंह, थाना सदर मुखी अवतार सिंह सोना समेत अन्य कर्मचारी मौजूद थे। जब सूचना के आधार पर गांव भुल्लर नहर के पास नाका लगाया गया तो एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया, जिसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी।

इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी की टांग पर गोली लगने से वह घायल हो गया। एसएसपी दीपक पारिक ने बताया कि आरोपी की पहचान गुरलाल सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी गांव राजोके के रूप में हुई है, जो हाल ही में सीआईए स्टाफ द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी गुरबीर सिंह का साथी है। उन्होंने बताया कि दोनों ने फिरौती के लिए कई घटनाओं को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की अगली पूछताछ में कई और खुलासे होने की संभावना है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *