Bypass पर भयंकर Landslide, पलभर में जमीदोंज हुआ पहाड़, देखें वीडियो

Written by

in

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश लगातार जारी है। जिससे नदियां-नाले उफान पर हैं। लगातार हो रही बारिश से लैंडस्लाइड की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। वहीं रुद्रप्रयाग में बदरीनाथ-केदारनाथ हाईवे के पास बाईपास के रूप में प्रयोग होने वाले रुद्रप्रयाग-जवाड़ी बाईपास मोटरमार्ग पर भयंकर भूस्खलन हुआ है। यहां पल भर में ही पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा जमींदोज हो गया।

लैंडस्लाइड के कारण भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा गिरने से सड़क को भी नुकसान पहुंचा है। अचानक हुई भूस्खलन की घटना से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई। उन्होंने बमुश्किल भागकर अपनी जान बचाई। वहीं, कुछ लोगों ने भूस्खलन की इस घटना को अपने मोबाइल में कैद किया। भूस्खलन के बाद बाईपास पर वाहनों की आवाजाही बंद है।

बता दें रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के कारण केदारनाथ हाईवे पर जगह-जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं हो रही है। जवाड़ी बाईपास पर लैंडस्लाइड की घटना के बाद शहर में भी जाम की समस्या से लोगों को दो चार होना पड़ा। जवाड़ी बाईपास केदारनाथ हाईवे के साथ लिंक मार्गों को भी जोड़ता है। इस मार्ग के बाधित होने से कई ग्रामीण इलाकों का भी जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। इससे पहले बीती रात हुई तेज बारिश के कारण केदारनाथ हाईवे नैल के पास बंद हुआ था। जिसे शनिवार दोपहर तीन बजे तक खोला गया। इस दौरान यात्रियों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार के डाट पुलिया से नये बस अड्डे को जोड़ने वाले मार्ग पर पहाड़ी से बोल्डर आने के कारण बंद हो गया था। राजमार्ग और लिंक मार्ग को खोलने में विभागों को घंटों का समय लगा। तेज बारिश के कारण पुनाड़ गदेरा भी उफान पर है। कुल मिलाकर कहें तो इन दिनों उत्तराखंड में बारिश आफत बनकर बरस रही है। जिसके कारण लोगों को हर रोज परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। बारिश के कारण चारधाम यात्रा भी प्रभावित हो रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *