Himachal News: भाजपा नेता दविंदर भुट्टो ने किया चताडा में ग्राम केंद्र प्रवास

Written by

in

अढ़ाई वर्षों में झूठ बोलकर चलाई सीएम सुक्खू ने सरकार: भुट्टो 

ऊना /सुशील पंडित: भारतीय जनता पार्टी की परिकल्पना मेरा बूथ, सबसे मजबूत को साकार करने की दिशा में कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो के नेतृत्व में डेरा बाबा रूद्रानंद मंडल के मदनपुर, चताड़ा ग्राम केंद्र का रविवार देर शाम प्रवास आयोजित हुआ। भारी बरसात के बावजूद कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक शिरकत कर यह साबित किया कि भाजपा संगठन का मूल आधार उसकी कार्यकर्ता शक्ति ही है। ग्राम केंद्र प्रवास के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जहां बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया, वहीं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का हर बूथ पार्टी की ताकत है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज जिस मुकाम पर पहुंची है, वह कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और संगठन की सुदृढ़ रणनीति का परिणाम है। भुट्टो ने इस अवसर पर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। बेरोजगार युवा आज दर-दर भटक रहे हैं, विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है और उसका कार्यकाल केवल घोषणाओं तक सीमित होकर रह गया है। केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनवाते हुए भाजपा नेता ने कहा कि पिछले ग्यारह वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अभूतपूर्व प्रगति की है।

उन्होंने कहा कि आज देश की पहचान विश्व स्तर पर मजबूत हुई है, गरीबों और जरूरतमंदों के लिए योजनाओं का लाभ सीधे उनके खातों में पहुंच रहा है और सबका साथ सबका विकास की नीति पर देश आगे बढ़ रहा है। भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने जोर देकर कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ कुटलैहड़ की जनता को भी मिल रहा है।  इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़, राज कुमार वर्मा, भाजपा नेत्री संतोष सैनी,मंडल उपाध्यक्ष राज कुमार मनकोटिया, सुषमा ठाकुर,सुदर्शन शर्मा,सूरम सिंह,जीवन शर्मा के अलावा ग्राम केंद्र प्रवास के दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल कार्यकारिणी सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *