अवैध संबंधों के चलते पुजारी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Written by

in

छत्तीसगढ़ः बिलासपुर में सब्जी व्यापारी ने पत्नी के साथ अफेयर के चलते चार रिश्तेदारों के साथ मिलकर पुजारी की हत्या कर दी। अवैध संबंध की वजह से ही मुख्य आरोपी का उसकी पत्नी से 6 महीने पहले तलाक हो गया था। हमलावरों ने बाइक की पूजा कराने के बहाने पुजारी को बाहर बुलाया, फिर सस्पेंशन पाइप और ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने 12 घंटे के भीतर नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना तखतपुर थाना क्षेत्र की है।

दरअसल, परसाकांपा गांव निवासी जागेश्वर पाठक उर्फ मोटू (30) गांव के ही पाठ बाबा मंदिर का पुजारी था। वो मंदिर में ही रहता था। रोजाना की तरह रविवार सुबह 6 बजे उसकी मां बेटे जागेश्वर को चाय देने मंदिर पहुंची। तब, मंदिर के बाहर बेटे की खून से लथपथ लाश देखी। वो चिल्लाने लगी और शोर मचाकर लोगों को बुलाया। जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

हत्या की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह, एडिशनल एसपी अर्चना झा, कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय और एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। वहीं, सर्च डॉग एक आरोपी के घर तक गई, जिसके आधार पर पुलिस ने संदेहियों की धरपकड़ शुरू की। जांच में पता चला कि पुजारी का महिला से अवैध संबंध है। लिहाजा, महिला से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने 12 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली। वारदात में शामिल सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *