Free Fire Game खेलते 6वीं का बच्चा हारा 13 लाख रुपए, पंखे से लटककर दी जान

Written by

in

लखनऊः मोहनलालगंज इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां कक्षा 6 में पढ़ने वाला छात्र ऑनलाइन गेम में 13 लाख रुपए गंवा बैठा। इससे परेशान होकर उसने जान दे दी। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर मोहनलालगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक यश के पिता सुरेश कुमार यादव पुताई का काम करते हैं।

उन्होंने करीब दो साल पहले जमीन बेचकर 13 लाख यूनियन बैंक की बिजनौर शाखा में जमा किए थे। सोमवार को पासबुक अपडेट कराने पर जब खाते से 13 लाख कम होने की जानकारी मिली तो वे हैरान रह गए। जांच करने पर पता चला कि यह रकम ऑनलाइन गेम के जरिए खर्च हो गई थी। घर लौटकर सुरेश ने बेटे यश से इस बारे में पूछा। पहले तो यश ने बात टाल दी, लेकिन बाद में स्वीकार किया कि फ्री फायर गेम खेलते हुए सारे पैसे हार चुका है।

इस पर भी पिता ने बेटे को डांटा नहीं बल्कि सिर्फ समझाया। वहीं ट्यूशन टीचर ने भी भरोसा दिलाया कि वे यश को समझा देंगे। लेकिन इसके कुछ ही समय बाद यश अपने कमरे में गया और पंखे से लटककर जान दे दी। परिजन यश को फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। मौत की खबर सुनते ही मां विमला बेहोश हो गईं, जबकि बहन गुनगुन का रो-रोकर बुरा हाल है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *