Bodybuilding के State Champion ने किया सुसाइड, gym में फंदे से लटका मिला शव

Written by

in

आगराः पूर्व मिस्टर यूपी भरत सिंघानिया द्वारा सुसाइड करने का मामला सामने आया है। भरत सिंघानिया (35) का शव उन्हीं के जिम में फंदे से लटकता हुआ मिला। जिम पहुंचे लोगों ने जैसे ही देखा तो उसे तुरंत रस्सी काटकर नीचे उतारा। इसके बाद अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। घटना कमला नगर इलाके की शुक्रवार शाम 7 बजे की है। भरत बॉडी बिल्डिंग में 2018-19 में मिस्टर यूपी में ऑल ओवर चैंपियन रहे थे। भरत सिंघानिया शास्त्रीपुरम के मंगलम आधार अपार्टमेंट में परिवार के साथ रहते थे। उन्हें बॉडी बिल्डिंग का शौक था। पहले वो न्यू आगरा की एक जिम में ट्रेनर थे। बॉडी बिल्डिंग में 2018-19 में मिस्टर यूपी रहे भरत ने करीब 7 साल पहले कमलानगर मेन मार्केट में बीस्ट फिटनेस नाम से अपना जिम खोला।

शुक्रवार दोपहर 2 बजे भरत जिम में पहुंचे। शाम करीब 7 बजे जब लोग जिम करने आए तो भरत का केबिन अंदर से बंद मिला। एसी और पंखे चल रहे थे। बहुत देर तक वो बाहर नहीं आए तो उन्होंने दरवाजा तोड़ा। केबिन में भरत फंदे से लटके हुए थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस जिम के CCTV खंगाल रही है।

पुलिस के अनुसार जिम संचालक के पिता अंगद सिंह की कुछ समय पहले ही मौत हो गई थी। घर में पत्नी और मां हैं। पत्नी दीपशिखा प्राइवेट स्कूल में टीचिंग करती हैं। दीपशिखा के साथ 7 साल पहले शादी हुई थी। उन्होंने पुलिस को बताया- शुक्रवार को 3:52 बजे पति भरत सिंघानिया से फोन पर बात की थी। उस समय सबकुछ सामान्य लग रहा था। उस समय उन्होंने घर आने के लिए मना कर दिया था।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *