कुटलैहड़ बकरी पालन हब बनने पर पशुपालन अधिकारियों को गणतंत्र दिवस पर मिला सम्मान

Written by

in

जिलाधीश ऊना ने डिप्टी डायरेक्टर डॉ विनय शर्मा व एसबीओ बंगाणा डॉ राजेश जंगा को किया सम्मानित ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ क्षेत्र में बकरी पालन को प्रोत्साहित करने और इसे एक हब के रूप में विकसित करने में अहम योगदान देने वाले जिला पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. विनय शर्मा और वरिष्ठ पशु चिकित्सक अधिकारी डॉ. राजेश कुमार जंगा को गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलाधीश ऊना जतिन लाल द्वारा मंच से सम्मानित किया गया। यह सम्मान जिला प्रशासन द्वारा उनकी अद्वितीय सेवाओं और क्षेत्र के पशुपालन उद्योग को एक नई दिशा देने के लिए प्रदान किया गया। ज्ञात रहे गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित समारोह में राज्य सरकार के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री मुख्यतिथि के रूप में पहुंचे थे। बही जिला उपायुक्त द्वारा इन अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र और सम्मान चिन्ह देकर नवाजा गया। कुटलैहड़ क्षेत्र में बकरी पालन के विकास के लिए दोनों अधिकारियों ने न केवल किसानों को प्रशिक्षित किया, बल्कि उन्हें आधुनिक तकनीकों और बेहतर प्रजातियों की जानकारी भी उपलब्ध कराई। उप निदेशक डॉ. विनय शर्मा ने क्षेत्र में बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाओं और सरकारी अनुदान की व्यवस्था सुनिश्चित की। वहीं, डॉ. राजेश कुमार जंगा ने किसानों को बकरियों की देखभाल, स्वास्थ्य, और बेहतर उत्पादन के गुर सिखाए। उनके मार्गदर्शन में कई किसान आत्मनिर्भर बने हैं और बकरी पालन के माध्यम से अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। कुटलैहड़ क्षेत्र में बकरी पालन को कृषि और पशुपालन के साथ जोड़कर इसे एक समग्र विकास मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इस प्रयास ने न केवल स्थानीय लोगों को रोजगार प्रदान किया है, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त भी बनाया है। डॉ. विनय शर्मा ने सम्मान प्राप्त करने के बाद कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं है, बल्कि पूरे पशुपालन विभाग और किसानों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। वहीं, डॉ. राजेश कुमार जंगा ने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक मेहनत करने और क्षेत्र के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देगा। जिला प्रशासन ने दोनों अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से कुटलैहड़ को एक मॉडल हब के रूप में स्थापित किया जा रहा है, जिसे अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जा सकता है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *