देवरागट्टू बन्नी उत्सव के दौरान 2 युवकों की मौत, 90 घायल

Written by

in

देवरागट्टूः आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में देवरागट्टू बन्नी उत्सव दौरान आयोजित एक मुकाबले में 2 लोगों की मौत और 90 अन्य घायल होने का मामला सामने आया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। दरअसल, विजयादशमी के दिन मनाया जाने वाला बन्नी उत्सव माला मल्लेश्वर स्वामी के विवाह के बाद मध्य रात्रि की रस्मों के बाद शुरू होता है और सुबह जल्दी समाप्त हो जाता है। इसमें हर वर्ष आसपास के क्षेत्रों से हजारों ग्रामीण शामिल होते हैं।

इस उत्सव में भाग लेने वाले लोग उपवास, ब्रह्मचर्य और आहार अनुशासन की कठोर प्रतिज्ञाओं का पालन करते हुए प्रतीकात्मक रूप से मूर्ति पर अधिकार स्थापित करने के लिए पारंपरिक रूप से लाठी-डंडों की लड़ाई में भाग लेते हैं तथा कार्यक्रम के दौरान मामूली घावों पर हल्दी लगाते हैं।

उपजिलाधिकारी मौर्य भारद्वाज ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई, जबकि दूसरे की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में कम लोग घायल हुए हैं। मौर्य ने बताया, ‘‘कुरनूल जिले में देवरागट्टू बन्नी उत्सव में लाठी-डंडों से लड़ाई के दौरान दो लोगों की मौत हो गयी और 90 अन्य घायल हुए हैं।’’

पुलिस अधीक्षक (एसपी) विक्रांत पाटिल ने बताया कि लगभग 1,000 पुलिस कर्मियों और 10 ड्रोन को तैनात किया गया था और 16 गांवों में 32 से अधिक जागरूकता अभियानों ने भी इस वर्ष हिंसक झड़पों को कम करने में मदद की।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *