Punjab News: शराब पार्टी में हुई झड़प, BCA के Student का दोस्त ने गोली मारकर किया कत्ल

Written by

in

मोहाली: हिमाचल प्रदेश के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मिली जानकारी के अनुसार खरड़ के विला प्लाजियो सोसाइटी (खानपुर) में शराब पार्टी के दौरान हुए मामूली झगड़े में एक दोस्त ने दूसरे दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 21 वर्षीय शिवांस राणा निवासी ऊना, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। मृतक ऊना के सरकारी कॉलेज में बीसीए की पढ़ाई कर रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल, पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

घटना के दौरान सभी लोग पार्टी कर रहे थे। मृतक युवक छुट्टियों के चलते घर आया था, लेकिन वह घर से दोस्तों के साथ चंडीगढ़ गया था। वहीं आरोपी की पहचान हरविंदर उर्फ हरि बरनोह गांव, ऊना के रूप में हुई है। खरड़ पुलिस ने हरविंदर उर्फ हैरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, विला प्लाजियो सोसाइटी की पहली मंजिल के एक किराये के फ्लैट में देर रात को पार्टी चल रही थी। फ्लैट में रहने वाले युवक का भाई अपने तीन दोस्तों के साथ आया था, जिसमें शिवांस राणा भी शामिल था। इसके अलावा उनका दोस्त हरविंदर सिंह हैरी भी पार्टी में शामिल होने आया था, जो अभी खरड़ की ही किसी अन्य सोसाइटी में रहता है।

इन सभी ने रात 11 बजे शराब पीना शुरू किया और पार्टी सुबह 5 बजे तक चली। इसी दौरान शिवांस और हरविंदर के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में हैरी ने पिस्टल निकाली और शिवांस राणा की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही शिवांस की मौके पर ही मौत हो गई। गोलीकांड के बाद फ्लैट में मौजूद एक युवक ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीएसपी कर्ण संधू और एसएचओ सिटी खरड़ पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोहाली अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

डीएसपी खरड़ कर्ण संधू ने बताया कि पार्टी के दौरान झगड़ा हुआ था। एक युवक ने अपने दोस्त को गोली मार दी जिसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। आरोपी की पहचान कर ली गई है। आरोपी भाग निकला है। उसकी तलाश जारी है। मृतक के अन्य साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस घटना में शामिल सभी युवक हिमाचल प्रदेश के ऊना के रहने वाले हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद शिवांस राणा का परिवार भी मोहाली पहुंच गया है। खरड़ सिटी थाने में हरविंदर सिंह हैरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *