ऊना जिले में राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण के क्षेत्र कार्य शुरू, उपायुक्त ने नागरिकों से सहयोग का किया आह्वान

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने जिले के सभी नागरिकों से राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण में पूर्ण सहयोग करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार का आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के सहयोग से राज्य में विभिन्न सामाजिक-आर्थिक संकेतकों पर यह सर्वेक्षण कार्य कर रहा है।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में जिला ऊना में विभाग के प्रगणक सितम्बर, 2025 से टैब एप्लीकेशन के माध्यम से घर-घर जाकर जानकारी एकत्र कर रहे हैं। यह कार्य चयनित गांवों और शहरी वार्डों में किया जा रहा है। सर्वेक्षण के माध्यम से जुटाई जा रही सूचनाओं से नागरिकों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का यथार्थ आंकलन किया जाएगा, जो सरकार की विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

उपायुक्त ने कहा कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने अपील की कि लोग सर्वेक्षण कर्मियों को सही, सटीक और वास्तविक जानकारी प्रदान करें, ताकि जिला ऊना में यह कार्य सर्वोत्तम गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा सके।

उन्होंने सभी नागरिकों, सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में क्षेत्रीय कर्मचारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि यह सर्वेक्षण जिला और राज्य स्तर पर योजनाओं के निर्माण तथा जनजीवन के स्तर को ऊंचा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *