फर्जी बर्थडे पार्टी में बुलाकर किया दोस्त का कत्ल, 6 फीट गहरे गड्ढे में दबाया शव

Written by

in

अजमेरः राजस्थान के अजमेर में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां फर्जी बर्थडे पार्टी के बहाने दोस्त को बुलाकर उसका बेहरमी से कत्ल कर दिया गया। इसके बाद व्यक्ति का शव 6 फीट गहरे गड्ढे में दबा दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ने जमीनी विवाद को लेकर कत्ल किया था। पुलिस जांच में इसका खुलासा खुद आरोपी ने किया है। पुलिस हत्या के सिलसिले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हत्याकर शव को छिपाने के लिए उसे 6 फीट गहरे गड्डे में इसलिए दफनाया था, ताकि किसी को इसकी भनक ना लग सके।

अजमेर पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लेखराज नामक व्यक्ति को एक नकली जन्मदिन की पार्टी में फुसलाकर बुलाया। यहां आने के बाद उसकी हत्या कर दी। वहीं, हत्या के राज को छिपाने के लिए उसे 6 से 7 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया। यही नहीं शव से कोई गंध नहीं आए इसके लिए शव के साथ नमक की बोरियां भी रख दी थी। अजमेर के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि पुलिस ने एक लड़के से लापता होने की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की थी, जिसके पिता लेखराज लापता हो गए थे।

एएसपी जांगिड़ ने बताया, “14 तारीख को एक लड़के के बारे में सूचना मिली थी, जिसके पिता लेखराज एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बाद लापता हो गए थे। लेखराज की लावारिस मोटरसाइकिल मिली, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पता चला कि लेखराज, श्याम सिंह रावत द्वारा आयोजित एक नकली जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुआ था, जिसके साथ उसका जमीनी विवाद था।”

एएसपी जांगिड़ ने बताया कि लेखराज को पार्टी में फुसलाकर बुलाया गया, उसकी हत्या कर दी गई और उसका शव कोटा के पास 6 से 7 फीट गहरे गड्ढे में मिला, जहां गंध छिपाने के लिए नमक की बोरियां रखी हुई थीं। उन्होंने कहा कि उत्तरी सर्कल की पूरी टीम के व्यापक प्रयासों के बाद, पुलिस ने शव बरामद किया है और आगे की जांच जारी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *