रिश्ते तार-तारः बड़े बेटे ने पिता को डंडे मारकर मौत के घाट उतारा

Written by

in

सरगुजाः जिले में रिश्तों को तार-तार करने का मामला सामने आया है जहां, बड़े बेटे ने अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया। ग्राम गुतुरमा के रहने वाले​​ 80 साल के बुजुर्ग ने एक जमीन की रजिस्ट्री अपनी छोटी बहू के नाम कर दी थी, जिससे नाराज बड़े बेटे ने डंडे से पिता को इतना मारा की उनकी जान चली गई। पिता की हत्या के बाद आरोपी बेटा बाइक से भाग रहा था, तभी उसका एक्सीडेंट हो गया, जहां उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी अनुसार, रूपधर राम सतनामी (80) निवासी गुतुरमा अपने छोटे बेटों और बहुओं के साथ गांव में रह रहे थे। उसका बड़ा बेटा नेतराम सतनामी बैकुंठपुर में नौकरी करता है और अपने परिवार के साथ रहता है। नेतराम का पुत्र भी पशु विभाग में कार्यरत है। बताया जा रहा है कि रूपधर राम सतनामी ने अपनी छोटी बहू के नाम से जमीन के कुछ हिस्से की रजिस्ट्री कर दी थी। इससे नाराज होकर नेतराम 10 नवंबर को बैकुंठपुर से गृह ग्राम गुतुरमा आया था। 10 नवंबर की शाम पिता रूपधर राम सब्जी बेचकर घर लौट रहे थे। तभी बीच रास्ते में नेताराम की इनसे जमीन रजिस्ट्री करने को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद आक्रोशित नेतराम ने पिता के सिर पर डंडे से कई वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पिता की मौत के बाद आरोपी घर से बाइक लेकर भाग निकला, लेकिन बाइक से भागते समय ग्राम सुर में वह दुर्घटना का शिकार हो गया। आरोपी को दुर्घटना में काफी चोटें आई हैं। आसपास के लोगों ने नेत राम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसे एडमिट किया गया है।

घटना की सूचना पर पुलिस देर शाम मौके पर पहुंची। रूपधर का शव घर के बाहर सड़क पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई तेज कर दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *