तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पैदल जा रहे व्यक्ति को कुचला, गुस्साए लोगों ने किया Road जाम

Written by

in

टोंकः जिले के जलसीना गांव में सोमवार रात को बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने युवक को टक्कर मार दी जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सड़क पर शव रखकर धरना लगा दिया।

जानकारी देते ग्रामीणों ने बताया कि जलसीना गांव निवासी बबलू (26) पुत्र बाबू लाल बलाई सोमवार रात करीब 8 बजे सरोली से करीब 2 किमी दूर अपने घर लौट रहा था। वह पैदल ही जा रहा था। इस दौरान सामने से तेज गति से आ रही बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर ने लापरवाही और तेज गति से ट्रैक्टर चलाकर बबलू को सामने से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं घटना के बाद ग्रामीण, परिजन मौके पर पहुंचे और शव को मौके पर ही रखकर आरोपी ट्रैक्टर ड्राइवर को पकड़ने, आर्थिक सहायता राशि दिलाने समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। लोगों ने बताया कि मृतक के 2 छोटे बच्चे हैं। पत्नी भी मानसिक रूप से थोड़ी कमजोर है। पिता की काफी साल पहले मौत हो गई थी। बड़े भाई की भी 4-5 साल पहले मौत हो चुकी है। ऐसे में परिवार में इकलौता कमाने वाला था। मजदूरी करके परिवार का पालन करता था। अब घर में कमाने वाला कोई नहीं बचा है। बच्चों और परिवार के सामने खाने के भी लाले पड़ गए है।

उधर, जानकारी मिलने के बाद घाड़ थाना प्रभारी हरिराम वर्मा मय पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और शव उठाने के लिए समझाया, लेकिन परिजन, ग्रामीण नहीं माने। इधर लोग सोमवार पूरी रात धरने पर बैठे रहे। दूसरे दिन मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे तक शव उठाने को लेकर सहमति बनी। इस दौरान हत्या का मामला दर्ज कर जांच करने, 5 लाख रुपए चिंरजीवी योजना में मृतक के परिजनों को दिलाने और एक्सीडेंट क्लेम की राशि दिलाने के आश्वासन पर परिजनों ने शव उठा लिया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *