Highway पर करोड़पति ने किया हंगामा, Fortuner से Ford Mustang को मारी टक्कर, अर्धनग्न होकर गाड़ियां रोकी

Written by

in

बहादुरगढ़ः आधी रात को नेशनल हाईवे पर अर्धनग्न होकर एक करोड़पति द्वारा हंगामा करने का मामला सामने आया है। इस मामले में सदर थाने में केस दर्ज हुआ है। यह केस मंहगी फोर्ड मस्टैंग कार के मालिक की ओर से दर्ज कराया गया है। इसमें आरोप है कि फॉर्च्यूनर चालक ने उनकी गाड़ी को सामने से बार-बार टक्कर मारी। कार में दूल्हा-दुल्हन सवार थे और हिसार जा रहे थे।

शिकायत में हिसार के मिर्जापुर निवासी नवदीप ने बताया कि वह 29 नवंबर को भांजे की शादी में गांव खांडा खेड़ी गए थे। बारात 29 नवंबर को खांडा खेड़ी से बादशाहपुर (जोधा फार्म) पहुंची थी। शादी संपन्न होने के बाद 29-30 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे अपनी फोर्ड मस्टैंग कार में भांजे सुमित, उसकी दुल्हन के साथ वापस लौट रहे थे। जब उनकी गाड़ी यूईआर-2 फ्लाईओवर के नीचे बालौर गांव के पास पहुंची, तभी एक सफेद फॉर्च्यूनर गाड़ी उन्हें ओवरटेक करके आगे निकल गई। कुछ ही सेकेंड में फॉर्च्यूनर चालक ने आगे से यू-टर्न लेकर उनकी मस्टैंग कार में जोरदार टक्कर मार दी। शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी ने सिर्फ एक बार ही नहीं, बल्कि करीब 3–4 बार जान से मारने की नीयत से टक्कर मारी। लगातार लगती टक्करों से फोर्ड मस्टैंग को भारी नुकसान हुआ।

आस-पास के लोगों व बाद में मिली जानकारी के अनुसार फॉर्च्यूनर चालक की पहचान गांव बालौर के प्रिंस के रूप में हुई है। टक्कर मारने के बाद आरोपी प्रिंस का एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें वह अर्धनग्न अवस्था में हाईवे पर हंगामा करते हुए दिखाई दे रहा है। इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

थाना सदर से मामले के जांच अधिकारी ASI राजेश कुमार ने बताया कि द्वारका एक्सप्रेस वे प्रिंस व हिसार निवासी युवकों के साथ साइड देने को लेकर कहासुनी हो गई थी। बताया जा रहा है कि हिसार वालों ने प्रिंस के साथ मारपीट कर दी थी। वह उनका पीछा कर रहा था।

जब वह गांव के पास पहुंचा तो ओवरटेक करते हुए फोर्ड मस्टैंग को बार-बार टक्कर मार दी। फोर्ड कार में दूल्हा-दुल्हन सवार थे। कार सवारों को चोट नहीं लगी हैं, लेकिन गाड़ी काफी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद वह भागकर हाईवे पर रोड के बीच खड़ा हो गया। गाड़ियां रुकवाता रहा और काफी देर तक हंगामा करता रहा। फिलहाल शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *