Brown University में Firing, 2 लोगों की मौत, इलाके में Alert जारी, देखें वीडियो

Written by

in

रोड आइलैंडः अमेरिका के रोड आइलैंड के प्रोविडेंस में ब्राउन यूनिवर्सिटी में फायरिंग की घटना सामने आई है। हादसे में कम से कम 2 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “ब्राउन यूनिवर्सिटी के इलाके में कई लोगों को गोली लगी है। इसकी जांच चल रही है। कृपया सुरक्षित जगह पर रहें या अगली सूचना तक उस इलाके से दूर रहें।” मामला स्थानीय समयानुसार शनिवार शाम करीब 4:20 बजे का है, जब यूनिवर्सिटी के छात्रों को फोन पर एक मैसेज मिला जिसमें उन्हें कैंपस में एक शूटर के बारे में बताया गया था। यूनिवर्सिटी से मिले अलर्ट में उन्हें दरवाजे बंद करने, फोन साइलेंट करने और अगली सूचना तक छिपे रहने के लिए कहा गया था। न्यूज एजेंसियों के अनुसार, इसमें उन्हें खुद को बचाने के लिए आखिरी उपाय के तौर पर भागने, छिपने या लड़ने के बारे में कहा गया। पुलिस ने कहा कि यह घटना कैंपस में एक एकेडमिक और रिसर्च क्षेत्र के पास हुई और कानून प्रवर्तन अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। बताया जा रहा है कि यह फायरिंग तब हुई जब ब्राउन यूनिवर्सिटी के एक क्लासरूम में प्रिंसिपल्स ऑफ इकोनॉमिक्स का फाइनल एग्जाम रिव्यू सेशन चल रहा था। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को भी इस घटना के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने घटना की सूचना मिलने की पुष्टि की और कहा कि एफबीआई मौके पर मौजूद है। ट्रूथ सोशल पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा, “मुझे रोड आइलैंड में ब्राउन यूनिवर्सिटी में हुई शूटिंग के बारे में जानकारी दी गई है। एफबीआई मौके पर है।” अमेरिकी मीडिया के अनुसार प्रोविडेंस के डिप्टी पुलिस चीफ टिमोथी ओहारा ने एक सीसीटीवी फुटेज भी रिलीज किया है। जांच टीम को संदेह है कि फुटेज में दिख रहा शख्स ही शूटर है, क्योंकि वह बारस और होली बिल्डिंग से निकल रहा था। ओ’हारा ने वीडियो के बारे में कहा, “हमें लगता है कि यह संदिग्ध उस इलाके से निकलकर होप स्ट्रीट पर चलकर वॉटरमैन पर दाईं ओर मुड़ रहा है। उसने गहरे रंग के कपड़े पहने होंगे। आप उसका चेहरा नहीं देख पाएंगे।” फायरिंग में घायल हुए 9 लोगों को रोड आइलैंड हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। हॉस्पिटल ने अमेरिकी मीडिया को दिए एक बयान में कहा कि 6 मरीजों की हालत गंभीर लेकिन स्थिर है, जबकि एक की हालत नाजुक है। दो मरीजों की हालत स्टेबल है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *