2 बाइकों में आमने-सामने टक्कर, 12वीं की परीक्षा देने जा रहे छात्र की मौत

Written by

in

सरगुजाः 12वीं की परीक्षा देने जा रहे 2 छात्रों के सड़क हादसे का शिकार होने का मामला सामने आया है। छात्रों की बाइक सड़क किनारे डाली गिट्टी पर फिसल गई और अनियंत्रित होकर सामने चल रही बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक करीब 12 फुट ऊपर उछल गई और दोनों छात्र 20-25 फीट सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के मुताबिक, शांतिपारा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ने वाले झेराडीह के रहने वाला अनिकेश तिवारी (18) और बैलकोटा के रहने वाले निष्क एक्का (18) बाइक से बोर्ड परीक्षा देने जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे वे कुनकुरी के पास पहुंचे तो सड़क निर्माण के लिए किनारे डाली गई गिट्टी पर उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार में चल रही बाइक सामने जा रहे एक अन्य बाइक सवार से टकराई और उछलते हुए एक कार के ऊपर से निकलकर सड़क पर जा गिरी। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शांतिपारा पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान निष्क की मौत हो गई। अनिकेश तिवारी को नाजुक हालत में अंबिकापुर रेफर किया गया है। उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

हादसे में क्षतिग्रस्त हुई बाइक अनिकेश तिवारी की थी। वह बाइक लेकर बैलकोटा पहुंचा और निष्क को बैठाकर स्कूल के लिए निकला था। परिजनों ने बताया कि निष्क पहली बार अनिकेश के साथ बाइक से गया था। इससे पहले वह बस से ही शांतिपारा स्कूल आता-जाता था। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल, पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *