Refinery में गरमाया माहौल, उग्र हुई भीड़ ने किया पत्थराव, कई गाड़ियां पलटीं, देखें वीडियो

Written by

in

पानीपत: हरियाणा के पानीपत जिले स्थित रिफाइनरी में ठेकेदार द्वारा 12 घंटे की ड्यूटी कराए जाने के खिलाफ मजदूरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। मजदूर 8 घंटे की कार्य अवधि की मांग कर रहे थे। वहीं आज उस समय हालात बिगड़ गए जब हड़ताल पर बैठे हजारों कर्मचारियों और सुरक्षा बलों के बीच विवाद तेज हो गया। जानकारी के मुताबिक सुरक्षा बलों ने कर्मचारियों से शांतिपूर्वक तय दायरे में रहकर प्रदर्शन करने की अपील की, लेकिन यह बात भीड़ को और उग्र कर गई। विरोध कर रहे कर्मचारियों में से कई लाठी‑डंडों के साथ आगे बढ़े और पीछे से सैकड़ों लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब उग्र भीड़ निर्माणाधीन प्रोजेक्ट क्षेत्र में पहुंची और वहां खड़ी कई गाड़ियों को पलटकर तोड़फोड़ कर दी। अचानक हुए इस हमले से रिफाइनरी परिसर में अफरा‑तफरी मच गई और सुरक्षा बलों को बैकफुट पर आना पड़ा। बताया जाता है कि पथराव में कई वाहनों को नुकसान पहुंचा और इलाके में कुछ समय के लिए ऑपरेशन रोकना पड़ा. हालात काबू से बाहर होते देख CISF और स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाला और कर्मचारियों को समझाकर पीछे हटने को कहा। भारी विरोध के बावजूद सुरक्षा बलों ने संयम रखते हुए भीड़ को शांत किया। इसके बाद पुलिस ने उन नेताओं से बातचीत शुरू की जो कर्मचारियों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे थे। बातचीत में कर्मचारियों ने अपनी मांगें पुलिस और प्रशासन के सामने रखीं और समाधान की उम्मीद जताई। पानीपत रिफाइनरी क्षेत्र पहले भी श्रमिक आंदोलनों के कारण चर्चा में रहा है, लेकिन इस बार हिंसा का स्तर ज्यादा देखने को मिला. प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी चल रही है। मजदूरों का आरोप है कि ठेकेदार कंपनी द्वारा अनुचित रूप से लंबी शिफ्ट लगाई जा रही है, जिससे उनकी सेहत और परिवार पर बुरा असर पड़ रहा है। वे बेहतर कार्य परिस्थितियों, उचित वेतन और 8 घंटे की ड्यूटी की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने में जुटी। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की है और जांच जारी है।        

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *