ट्रक और 2 बसों की टक्कर में 3 की मौत, 31 घायल

Written by

in

उनावः आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ क्षेत्र के गहरपुरवा गांव के पास सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां खड़े ट्रक से 2 रोडवेज बसों की टक्कर हो गई। हादसे में 3 यात्रियों की मौत हो गई जबकि दोनों बसों के 31 यात्री घायल हो गए। हादसे को लेकर घटना स्थल चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से जा रही आगरा फोर्ट डिपो की रोडवेज बस के चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस चली थी कि पीछे से इतनी ही गति से आ रही मथुरा डिपो की रोडवेज बस ट्रक घुस गई। इस बस में बैठे 35 यात्रियों में तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। 17 लोग घायल हो गए। जबकि, आगरा फोर्ट वाली बस के 14 लोग घायल हुए। सीएचसी बांगरमऊ से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश परिवहन की आगरा फोर्ट डिपो की बस लगभग 40 यात्रियों को लेकर आगरा से लखनऊ जा रही थी। सोमवार सुबह लगभग पांच बजे बांगरमऊ क्षेत्र के गहरपुरवा गांव के पास भारी वाहन लेन में जा रहे बस चालक को झपकी लग गई। जिससे बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यूपीडा टीम और पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को सीएचसी बांगरमऊ पहुंचाया गया।

मृतकों में सीतापुर के केल पुरवा गांव निवासी मुकेश सिंह राजपूत (20) पुत्र रमा शंकर समेत 2 अज्ञात शामिल हैं। वहीं घायलों में कुशीनगर, गाजीपुर, आगरा, दरभंगा (बिहार), लखनऊ, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, कन्नौज, मथुरा, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच और उन्नाव के यात्री शामिल हैं। फिलहाल दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य करा दिया गया है। रोडवेज बस के चालक से पूछताछ की जा रही है। मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचित कर शवों को मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *