कोयले से भरे ट्रेलर में लगी आग, Driver जिंदा जला

Written by

in

भरतपुरः जयपुर-आगरा हाईवे पर कोयले से भरा ट्रेलर पलटने के बाद आग की लपटों से घिर गया। इस दौरान केबिन में फंसा ड्राइवर जिंदा जल गया। पलटने के बाद ट्रेलर करीब 100 मीटर तक घसीटता गया। हादसा भरतपुर के मथुरा गेट इलाके में सरस चौराहे के पास सोमवार रात करीब 12 बजे हुआ। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू शुरू किया और फायर ब्रिगेड द्वारा आग बुझाने के बाद रोड को क्लीयर किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर पलटते ही उसके टैंक से डीजल सड़क पर फैल गया। इससे आग भड़क उठी। ड्राइवर केबिन में फंस गया और बाहर निकलने की कोशिश करता रहा। लपटों के बीच वह बाहर नहीं आ सका। स्थानीय निवासी लक्ष्य सिंघल ने बताया- ट्रेलर अचानक पलटा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। ड्राइवर को बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन तेज आग के कारण उसे बाहर निकालना संभव नहीं हो सका।

प्रत्यक्षदर्शी मोनू जौहरी ने बताया- पलटने के बाद ट्रेलर लगभग 100 मीटर तक घसीटता हुआ आगे बढ़ा। रुकते ही उसमें आग लग गई और कुछ ही मिनटों में केबिन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। तब तक ड्राइवर की मौत हो चुकी थी।

ड्राइवर की पहचान विरदी चंद गुर्जर (30) निवासी करड़ाला, थाना रूपनगढ़, जिला अजमेर के रूप में हुई है। वह ट्रेलर को जयपुर से आगरा की ओर ले जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही सीओ पंकज यादव, एडिशनल एसपी गणपत महावर और मथुरा गेट थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को आरबीएम हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

 

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *