Punjab News: ट्रक में फंसा दुकान की छतरी से टूटा शीशे का दरवाजा, मुआवजे को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा, देखें CCTV

Written by

in

दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लगाए आरोप-प्रत्यारोप

लुधियानाः शहर के नीमो वाला चौक पर देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब सामान से लदा एक ट्रक किनारे स्थित एक दुकान के बाहरी हिस्से से टकरा गया। घटना में दुकान का अगला हिस्सा और शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए। दुकानदार ने जहां ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए करीब 2 लाख रुपये के नुकसान की बात कही है। वहीं CCTV फुटेज ने मामले में नया मोड़ ला दिया। जानकारी देते दुकानदार शब्बीर अहमद ने बताया कि वह रोजा रखकर नमाज अदा करने के बाद दुकान में बैठे ही थे कि अचानक एक ट्रक दुकान के अंदर की तरफ आ गया। शब्बीर के मुताबिक हमने बहुत शोर मचाया, लेकिन ड्राइवर नहीं रुका। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान के बाहर लगा तिरपाल और शीशे पूरी तरह टूट गए। जो कांच चाय और खाने-पीने के सामान में गिरा उससे सब बर्बाद हो गया। हम बाल-बाल बचे हैं। वहीं दूसरी ओर ट्रक ड्राइवर जीत सिंह ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि वह सरदार फीड्स की मिल में सामान पहुंचाने जा रहा था। जीत सिंह ने कहा वह 15-20 साल से ट्रक चला रहा है, आज तक कोई हादसा नहीं हुआ। गली इतनी तंग है कि गाड़ी दूसरे गियर से ऊपर जा ही नहीं सकती। दुकान की तिरपाल बाहर की तरफ लटकी थी जो ट्रक के ऊपरी हिस्से में फंस गई और खिंचने की वजह से नुकसान हुआ। ड्राइवर ने मौके पर ही अपना मेडिकल टेस्ट कराने की चुनौती भी दी। दूसरी ओर, सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि ट्रक अपनी सामान्य गति से दुकान के पास से गुजर रहा था, लेकिन दुकान के बाहर छतरी सड़क की ओर ज्यादा निकली हुई थी जिस कारण ट्रक के ऊपर फंस गई जिससे खिंचाव पैदा हुआ और पूरी दुकान का अगला हिस्सा ढह गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है केवल आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस के अनुसार ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों को बुलाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।      

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *