घर में बने Tent House के गोदाम में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो

Written by

in

जामताड़ाः जिले के मिहिजाम के वार्ड संख्या-8 स्थित न्यू कॉलोनी (पोखरतल्ला) इलाके में आज तड़के एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी मुताबिक, मोहम्मद अख्तर के घर परिसर में संचालित गोदाम की खिड़की से अचानक धुआं उठना शुरू हो गया। धुआं उठते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाया और बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौके पर जुट गए। लोगों ने बिना समय गंवाए अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, जिससे स्थिति और बिगड़ने से बच गई। समय रहते लोगों की सक्रियता से आग पर काबू पा लिया गया, वरना आसपास के घरों को भी खतरा हो सकता था।

आगजनी की इस घटना में टेंट हाउस में इस्तेमाल होने वाले लगभग सभी सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए। इनमें गद्दे, पोशाक, तकिए, सोफा, बेडशीट और बिजली के पंखे सहित अन्य सामग्री शामिल है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस आग में करीब तीन से चार लाख रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे नियंत्रित कर लिया गया। घटना के समय टेंट हाउस मालिक मोहम्मद अख्तर अपने परिवार के साथ घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे। ग्रामीणों के जगाने पर उन्हें इसकी जानकारी मिली। घटना की सूचना मिहिजाम पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई थी, लेकिन दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में अग्निशमन व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि मिहिजाम शहर में स्थायी दमकल वाहन की सुविधा नहीं होने के कारण ऐसी आपात स्थितियों में राहत कार्य प्रभावित होता है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *