लुधियाना से जा रही 100 यात्रियों से भरी बस पलटी, 60 घायल, देखें वीडियो

Written by

in

सुल्तानपुरः उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक प्राइवेट बस पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि हादसे में 60 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बस में करीब 100 यात्री सवार थे। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। बस में सवार यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस कंडक्टर चला रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल 11 लोगों को जिला अस्पताल भेज दिया गया है। यह घटना धनपतगंज क्षेत्र के माइल स्टोन 108 के पास हुई।बताया जा रहा है कि यह लग्जरी बस (UP 22 AT 7227) लुधियाना से आजमगढ़ जा रही थी और एक्सप्रेस-वे पर हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर के एसपी और डीएम मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का संचालन किया। घायल व्यक्तियों को उपचार देने के लिए तत्काल एम्बुलेंस सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। बस में सवार यात्री सानिया, लालबहादुर, ओमपाल और रामसुरत का कहना है कि बस को चालक नहीं बल्कि कंडक्टर चला रहा था। बस में करीब 100 से अधिक लोग सवार थे। यात्रियों ने बताया कि जब से कंडक्टर बस चला रहा था, तब से ही बस सही नहीं चल रही थी। बस जैसे ही धनपतगंज क्षेत्र के माइल स्टोन 108 के पास पहुंची, बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। घायलों में अधिकांश को मामूली चोटें आईं, जिनका उपचार धनपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने मौके पर ही किया। वहीं 34 घायल यात्रियों को कूरेभार भेजा गया। इनमें 12 ऐसे यात्री हैं, जिनकी हालत बेहद गंभीर है। गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। आजमगढ़ निवासी खुशी और शिल्पा ने बताया कि बस ओवरलोड थी। यात्रा के दौरान एक बार बस का टायर भी पंचर हो गया था। माइल स्टोन 108 से पहले ही चालक ने गाड़ी खलासी को चलाने के लिए दे दी और खुद पीछे जाकर सो गया।

कुछ दूरी पर बस तेज रफ्तार में आ गई, जिससे खलासी संतुलन खो बैठा और बस पलट गई। सीओ आशुतोष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस के ओवरलोड होने और चालक को झपकी आने की बात सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम बल्दीराय प्रवीण कुमार, सीओ आशुतोष और थाना प्रभारी अंजू मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। अधिकारियों ने घायलों के समुचित उपचार का आश्वासन दिया है।

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *