गोलियां मारकर दूल्हे की हत्या, बारात वाली Car पर की अंधाधुंध Firing, बना दहशत का माहौल, देखें वीडियो

Written by

in

जौनपुरः बारात लेकर जा रहे 22 साल के दूल्हे की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना बीती रात 9 बजे की बताई जा रही है। जहां, 2 बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक करके पहले दूल्हे की कार रोकी और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना में दूल्हे के पेट में 2 और जबड़े पर एक गोली लगी जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी तुरंत वहां से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बारातियों से पूछताछ शुरू करके मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी मुताबिक, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव के रहने वाले रामलखन के बेटे आजाद की शुक्रवार को शादी थी। आजाद पुणे में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। उसकी बारात 20 किमी दूर खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के लिए रात निकली थी। बारात में 3 गाड़ियां थीं। एक में दूल्हा और बाकी दोनों गाड़ियों में परिवार के अन्य लोग बैठे थे।

दूल्हे के छोटे भाई आकाश ने बताया कि भाई मोबाइल में व्यस्त था। मनेछा गांव के पास अचानक बाइक पर सवार होकर 2 नकाबपोश बदमाश आए और कार को ओवरटेक कर दूल्हे की गाड़ी रुकवा दी। अभी हम कुछ समझ पाते कि अचानक हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। आकाश ने बताया कि दूल्हे को 3 गोलियां लगी। गाड़ी का ड्राइवर दूल्हे को छोड़कर जान बचाकर भाग गया। दूल्हे की गाड़ी के पीछे बारात की दोनों गाड़ियां थीं। बदमाशों के भागने के बाद वह लोग दूल्हे की कार के पास पहुंचे तो भाई खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उसे पास के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *