भीषण हादसाः 200 फीट खाई में गिरी कार, मां-बेटी सहित 4 की मौत

Written by

in

नाहनः हिमाचल प्रदेश के जिला जिला सिरमौर में 200 फीट खाई में कार गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के संगड़ाह उपमंडल के पुलानी में दोपहर कार पीउलीलाणी के समीप कार अनियंत्रित हो गई और 200 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में मां-बेटी सहित 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार के दुर्घटना होने की आवाज सुनकर आस पास के लोग घटनास्थल की ओर भागे तथा बचाव कार्य में जुट गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस थाना अधिकारी प्रितम सिंह लालटा भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों में टीम सहित जुटे रहे।

घायल व शवों को स्थानीय लोगों की मदद से खाई से बाहर निकाला गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह पहुंचाया। जहां पर पोस्टमार्टम करने के उपरांत शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं हादसे में चालक गंभीर घायल हो गया और उसे नाहन अस्पताल रेफर किया गया। हादसे में 52 वर्षीय अमरा देवी पत्नी देव राज निवासी गट्टाधार, तह संगड़ाह, 14 वर्षीय आराध्या पुत्री देव राज, 14 वर्षीय प्रियंका पुत्री दीप राम निवासी ऊंचा टिक्कर, संगड़ाह, 62 वर्षीय सज्जन सिंह पुत्र थपलू राम निवासी काजवा तहसील संगड़ाह की मौके पर ही मौत हो गई।

संगड़ाह पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि कार नंबर एचपी 79-2756 पुलानी में सड़क से करीब 200 फीट नीचे लुढ़क गई। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस मामले में जांच कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन से इस दुर्घटना से संबंधित रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त की और दिवंगत की आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *