Punjab News: 10 से 15 हथियारबंद हमलावरों ने पूर्व सरपंच के घर पर किया हमला, बना दहशत का माहौल , देखें वीडियो

Written by

in

अमृतसरः शहर के थाना कथूनंगल के अधीन आते गांव कोटला में उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब करीब 10 से 15 हथियारबंद युवक पूर्व सरपंच बलकार सिंह के घर में घुस गए और उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, घर में तोड़फोड़ की और फायरिंग भी की। इस दौरान सारी घटना घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।

जानकारी देते पीड़ित परिवार ने बताया कि वह रोज की तरह अपने घर में थे कि अचानक 10 से 15 हमलावर पिस्तौल, दातर, लोहे की रॉड और डंडों से लैस होकर आ गए। घर में घुसते ही उन्होंने गालियां देनी शुरू कर दीं और परिवार के लोगों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी नई कार के शीशे तोड़ दिए, वहीं घर के अंदर अलमारियां, रसोई का सामान और अन्य फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचाया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी बुरी तरह धक्का-मुक्की की गई। घटना में महिलाओं समेत परिवार के कई सदस्य घायल हुए हैं। पीड़ितों ने पुलिस से इंसाफ की मांग की है।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। डीएसपी के. एस. रंधावा के अनुसार, यह घटना रास्ते में हुए झगड़े के कारण सामने आई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कब्जे मे लेकर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *