‘370 रुपये बिरयानी’ कॉन्ट्रोवर्सी में फंसे ‘Bigg Boss’ फेम प्रणित मोरे, FIR दर्ज, देखें वीडियो

मुंबईः ‘370 रुपये बिरयानी’ कॉन्ट्रोवर्सी में जाने-माने स्टैंडअप कॉमेडियन और ‘बिग बॉस’ फेम प्रणित मोरे की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब वो कानूनी विवाद में फंस गए हैं। प्रणित मोरे के शो पर हाल ही में हिमांशु नाम के व्यक्ति ने महिलाओं पर आपत्तिजनक कमेंट्स किए थे। बता दें कि प्रणित के क्राउड-वर्क शो की एक ‘370 रुपये बिरयानी’ वाली क्लिप सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है, जिसमें हिमांशु जांगड़ा नाम का एक लड़का अपनी डेट का किस्सा सुनाता नजर आया। हालांकि, इस दौरान लड़के ने महिलाओं को लेकर अश्लील और अभद्र बातें कीं, जिसे लेकर उसकी जमकर फजीहत हो रही है। वहीं, हिमांशु को रोकने के बजाय प्रणित इसका समर्थन करते रहे और उसके भद्दे कमेंट्स पर हंसते रहे।

यही वजह है कि प्रणित भी लोगों के निशाने पर हैं। विवाद के बढ़ते ही प्रणित मोरे और हिमांशु दोनों ने ही अपना इंस्टाग्राम हैंडल डिएक्टिवेट कर दिया। ये मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो से एक और विवादित वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वो महिला डॉक्टर के अश्लील जोक पर ठहाके लगाकर हंसते दिख रहे हैं। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर नया बवाल छिड़ गया है। प्रणित मोरे के शो में एक महिला डॉक्टर ने मेल पेशेंट पर आपत्तिजनक कमेंट किया था। इस जोक पर कॉमेडियन ठहाके लगाकर हंसे थे। इस वीडियो पर अब सोशल मीडिया यूजर्स ने आपत्ति जताते हुए कहा कि इस पर विवाद क्यों नहीं हो रहा है। विवादों में घिरे प्रणित के खिलाफ महाराष्ट्र साइबर सेल ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने प्रणीत मोरे, हिमांशु जांगड़ा, डॉ. सेजल पवार और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

इस बीच हिमांशु को उनकी नौकरी से हाथ धोना पड़ा। मामले को बढ़ता देख प्रणित ने इस मामले से पल्ला झाड़ने की कोशिश की। उन्होंने अपने माफीनामे में कहा कि उन्हें उस कमेंट पर हंसना नहीं चाहिए था। उन्हें उस व्यक्ति को रोकना चाहिए था। हालांकि माफीनामा में प्रणित ने न अपनी गलती मानी और न ही तरीके से माफी मांगी। बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर महाराष्ट्र साइबर पुलिस के नोडल साइबर पुलिस स्टेशन में एफआईआर नंबर 36/2026 के तहत दर्ज किया गया है। कॉन्ट्रोवर्सी में शामिल लोगों पर बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत कार्रवाई की गई है। महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने प्रणीत मोरे, हिमांशु जांगड़ा और डॉ. सेजल पवार को पूछताछ और बयान दर्ज कराने के लिए समन जारी किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *