सलमान के बाद अब आमिर खान को मिली धमकी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

Written by

in

नई दिल्लीः बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बाद अब आमिर खान को लेकर सोशल मीडिया पर एक कथित धमकी भरी पोस्ट और ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई है। वायरल सामग्री में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल करते अभिनेता को निशाना बनाने का दावा किया गया है। हालांकि, अब तक इस पोस्ट या ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वायरल पोस्ट और कथित ऑडियो में खुद को ‘टायसन बिश्नोई’ बताने वाले व्यक्ति ने आमिर खान को धमकी देने का दावा किया है। इसके बाद मनोरंजन जगत और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल बढ़ गई है। वायरल पोस्ट में अभिनेता के खिलाफ कुछ आरोप लगाते आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया गया है।

पोस्ट में राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक बच्ची के साथ हुई कथित घटना का भी उल्लेख किया गया है और उससे जुड़े आरोपियों तथा उन्हें बचाने का आरोप झेल रहे लोगों को भी धमकी दी गई है। इसके अलावा पोस्ट में गैंग के दो मृत सदस्यों का जिक्र करते बदला लेने जैसी बातें भी लिखी गई हैं।

फिलहाल, आमिर खान या उनकी टीम की ओर से इस वायरल पोस्ट और कथित ऑडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों ने भी अब तक यह पुष्टि नहीं की है कि यह पोस्ट वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी है या नहीं।

उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए वायरल दावों को सत्यापित तथ्य नहीं माना जा सकता और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *