Punjab News: 4 साल का मासूम किडनैप, मां का आरोप पति ने उठवाया, देखें CCTV

Written by

in

लुधियानाः सुंदर नगर महावीर जैन कॉलोनी की रहने वाली एक मां ने अपने ही पति और ससुराल वालों पर 4 साल के मासूम बेटे सुवास को किडनैप करने का आरोप लगाया है। ये पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बच्चे के लापता होने के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है और उसने खाना-पीना तक बंद कर दिया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पीड़ित मां ने अपने बच्चे को ढूंढने की गुहार लगाई है।

पीड़ित मां मोनालिका ने बताया कि वह हर रोज की तरह 16 जुलाई शाम को करीब सवा छह बजे अपने 4 वर्षीय बेटे सुवास को सुंदर नगर में स्थित ‘द ग्रेट इंडियन मार्शल आर्ट स्कूल’ में ट्रेनिंग के लिए छोड़कर आई थी। करीब 6:35 बजे मार्शल आर्ट क्लास के बाहर अचानक सिल्वर रंग की एक बलेनो कार आकर रुकी, जिसमे युवक सवार थे।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कार से दो युवक उतरते हैं और सीधे मार्शल आर्ट क्लास के अंदर चले जाते हैं। इसके बाद आरोपी जबरन मासूम सुवास को उठाकर बाहर भागे। बदमाश बच्चे को लेकर कार में बैठ गए। भागते समय आरोपियों ने बच्चे का सिर भी कार के दरवाजे में मार दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

मोनालिका ने बताया कि उसकी शादी 27 जुलाई, 2020 को भामियां रोड गुरु नानक नगर के रहने वाले एक ट्रांसपोर्टर करण के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद मोनालिका को पता चला कि उसके पति के किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध हैं। इस बात को लेकर घर में काफी विवाद हुआ। दो बार परेशान होकर वह अपने मायके भी आई, लेकिन ससुराल वालों और पति के माफी मांगने पर वापस लौट गई।

नवंबर 2025 में जब पति की करतूतें दोबारा सामने आईं तो मोनालिका अपने बेटे के साथ मायके आकर रहने लगी। दोनों के बीच कोर्ट में केस चल रहा है। मोनालिका का आरोप है कि उसका पति कोर्ट के समन भेजने के बावजूद पेश नहीं हो रहा है और अब उसने गैर-कानूनी तरीके से बच्चे को छीनने के लिए इस किडनैपिंग की वारदात को अंजाम दिया है।

पीड़िता ने बताया कि ये कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 10 जून को भी उसके पति, सास और अन्य लोगों ने थार गाड़ी लेकर उसके मायके घर पर धावा बोला था और सुवास को जबरन किडनैप करने की कोशिश की थी। उस समय मोनालिका और उसके मायके वालों ने आगे आकर बड़ी मुश्किल से बच्चे को बचाया था। इलाके के लोगों के बीच बचाव के बाद मामला सुलझा था, जिसके बाद थाना दरेसी के एसएचओ ने आरोपी पति को सख्त चेतावनी दी थी कि वह कोर्ट के आदेश या मां की अनुमति के बिना बच्चे को हाथ भी नहीं लगाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही थाना दरेसी की पुलिस हरकत में आई और सुंदर नगर पुलिस चौकी की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने जब आरोपी पति के भामियां रोड स्थित ससुराल घर पर छापेमारी की,तो देखा कि घर का ताला लगा हुआ था और अंदर की लाइटें जलती छोड़ सभी फरार हो चुके थे।

मोनालिका का आरोप है कि इस वारदात में पति के दोस्त रिंकू और कनिक भी शामिल थे। इसके साथ ही उसने एक जानी-मानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कीर्ति शर्मा निवासी डाबा रोड गुरप्रीत नगर की भूमिका पर भी शक जताया है।

मोनालिका ने एक वीडियो संदेश जारी किया है। उसने बताया कि आरोपी उसकी सास को भी अपने साथ लेकर भागे हैं। उसने दो गाड़ियों के नंबर जारी किए हैं एक सिल्वर बलेनो और एक काले रंग की महिंद्रा थार। मोनालिका ने हाथ जोड़कर पुलिस प्रशासन से अपील की है कि मेरे 4 साल के बच्चे की मानसिक स्थिति का सवाल है। कोर्ट का केस चल रहा है,अगर पति को मिलना है तो कानूनी तरीके से मिले, इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *