लुधियानाः जगराओं के सुभाष गेट चौक के पास स्थित करियाना दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात चोर अमित ग्रोसरी स्टोर के के ताले और शटर के कब्जे तोड़कर दुकान से 20 हजार रुपए नकद सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। मामले की जानकारी देते हुए दुकान मालिक राजिंदर कुमार ने बताया कि उन्हें बुधवार सुबह करीब 4 बजे फोन पर दुकान का शटर खुला होने की सूचना मिली। वह तुरंत अपने दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि शटर के कब्जे टूटे हुए थे और शटर उठाकर अंदर लगे एल्युमिनियम गेट का शीशा भी तोड़ दिया गया था।
राजिंदर कुमार के अनुसार, सूचना देने वाले लोगों ने बताया कि वे सुबह करीब 4 बजे कार से वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने दुकान का शटर खुला देखा और एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल के पास खड़ा पाया। उन्हें देखते ही वह व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार हो गया। सूचना देने वालों ने तुरंत शटर बंद कर दिया ताकि यदि कोई अन्य व्यक्ति दुकान के अंदर हो तो वह बाहर ना निकल सके। उन्होंने मोटरसाइकिल सवार का पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। राजिंदर कुमार ने आशंका जताई है कि इतनी बड़ी चोरी में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।
चोर दुकान से 20 हजार रुपए नकद, देसी घी, रिफाइंड तेल, बीड़ी, सिगरेट और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलने पर थाना सिटी के एएसआई नरिंदर शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकान मालिक के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। एएसआई नरिंदर शर्मा ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply