लुधियानाः हलका पायल के अध्यक्ष गुरनाज सिंह जीरख और उनके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ युवक से मारपीट के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। विधानसभा क्षेत्र पायल से शिकायतकर्ता किरणजीत सिंह निवासी गांव जीरख ने बताया कि मंगलवार वह सुआ पुली घलौटी की ओर सैर के लिए जा रहे थे। इस दौरान यूथ कांग्रेस हलका पायल के अध्यक्ष गुरनाज सिंह जीरख अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे।
शिकायत के अनुसार, गुरनाज सिंह और उनके दो साथियों ने किरणजीत सिंह को रास्ते में रोककर नीचे गिरा दिया और उसके साथ मारपीट की। वारदात के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। घायल किरणजीत सिंह को पहले सिविल अस्पताल मलौद ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए लुधियाना रेफर कर दिया गया। जिसके बाद पुलिस ने पीड़ित के बयानों पर मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल की मेडिकल रिपोर्ट और डॉक्टरों की अंतिम राय अभी आनी बाकी है।
रिपोर्ट मिलने के बाद जरूरत पड़ने पर मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। इस घटना पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता परगट सिंह सियाड़ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने भी कानून अपने हाथ में लिया है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। परगट सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेता क्षेत्र में गुंडागर्दी का माहौल बना रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच अधिकारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply