महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, कीमत सुन उड़ जाएंगे आपके होश

नई दिल्ली। आर्थिक संकट के बीच श्रीलंका ने दो महीने में तीसरी बार ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि कर महंगाई की मार झेल रही देश की जनता पर और भार लाद दिया है। सरकार ने पेट्रोल की कीमत में 50 व डीजल में 60 श्रीलंकाई रुपये की बढ़ोतरी की है। ताजा घोषणा से पेट्रोल की कीमत 470 श्रीलंकाई रुपये और डीजल की 460 श्रीलंकाई रुपये हो गई है। इस बीच, ईंधन की कमी से अगले सप्ताह तक सीमित फिलिंग स्टेशनों तक ही आपूर्ति होगी। 

सरकार नियंत्रित सीलोन पेट्रोलियम कारपोरेशन (सीपीसी) ने ईंधन की बढ़ी दरें रविवार से लागू होने की पुष्टि की है। वहीं, श्रीलंका आइओसी ने भी इसी अनुपात में बढ़ोतरी की है। इससे पहले 24 मई को पेट्रोल की कीमतों में 24 प्रतिशत और डीजल में 38 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी। 19 अप्रैल से ईंधन की कीमतों में यह तीसरी वृद्धि है।

आपूर्तिकर्ताओं ने इसी सप्ताह तक पेट्रोलियम, डीजल पहुंचने की पुष्टि की थी, लेकिन बाद में लाजिस्टिक आदि कारणों का हवाला देते हुए समय पर आपूर्ति पूरा करने में असमर्थता व्यक्त की। मंत्री ने कहा कि अगली खेप पहुंचने तक सार्वजनिक परिवहन, बिजली उत्पादन और उद्योगों को प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि अगले सप्ताह तक सीमित फिलिंग स्टेशनों को ईंधन की आपूर्ति होगी।

पिछले कई दिनों से श्रीलंका में ईंधन की कमी है। आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका में ईंधन की कमी होने से परिवहन व्यवस्था ठप है। सरकारी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम दिया गया है। पेट्रोल-डीजल की कीमत इतनी ज्यादा हो गई है कि लोगों को एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए हजार बार सोचना पड़ रहा है। श्रीलंका में पाकिस्तान से भी महंगा ईंधन मिल रहा है। जी हां, मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो 16 जून से पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 233.89 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और डीजल 263.31 (पाकिस्तानी रुपये) है। उसके हिसाब से श्रीलंका में पेट्रोल और डीजल की कीमत लगभग दोगुना हो गई है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *